बहादुरगढ़, 15 मई (वेब वार्ता)। बहादुरगढ़ नगर परिषद की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। नगर परिषद के वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा उर्फ पालेराम शर्मा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हो गया। इसके साथ ही उनकी वाइस चेयरमैन की कुर्सी चली गई।
नगर परिषद कार्यालय में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान के लिए विशेष बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया था। प्रशासन की ओर से नगर परिषद परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही परिषद परिसर में राजनीतिक हलचल तेज रही और स्थानीय लोगों की नजरें इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी रहीं।
बैठक में कुल 26 पार्षद शामिल हुए और सभी ने राजपाल शर्मा के खिलाफ मतदान किया। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में एकतरफा मतदान होने के बाद प्रस्ताव पारित घोषित कर दिया गया। इसके बाद राजपाल शर्मा को वाइस चेयरमैन पद से हटना पड़ा।
वहीं नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी सहित छह पार्षद बैठक में अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित रहने वालों में राजपाल शर्मा, राजेश तंवर, प्रवीन छिल्लर, सविता सैनी और प्रवीन के नाम शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार वाइस चेयरमैन के खिलाफ पार्षदों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई थी। इस राजनीतिक घटनाक्रम की शुरुआत 17 मार्च को हुई थी, जब 25 पार्षदों ने एकजुट होकर उपायुक्त को शपथ पत्र सौंपते हुए राजपाल शर्मा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।
इसके बाद उपायुक्त ने 9 अप्रैल को अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास को इस पूरी प्रक्रिया के संचालन और बैठक आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उसी आदेश के तहत शुक्रवार को मतदान की तारीख तय की गई थी।
नगर परिषद में हुए इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब नगर परिषद में नए वाइस चेयरमैन के चयन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।




