रुड़की नशा मुक्ति केंद्र में मरीज की हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

- Advertisement -

रुड़की, 13 मई (वेब वार्ता)। उत्तराखंड के रुड़की स्थित भंगेड़ी इलाके के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक का शव केंद्र के शौचालय में मिला, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर धारदार हथियार के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष (37) को करीब तीन महीने पहले सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात केंद्र संचालक ने शौचालय में आशीष का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच तेज कर दी है।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने हत्या का शक जताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज पर संदेह जताया है।

एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। नशा मुक्ति केंद्र के संचालक सहित वहां भर्ती अन्य मरीजों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -