देहरादून, 13 मई (वेब वार्ता)। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे नर्सिंग एकता मंच के सदस्यों का प्रदर्शन अब उग्र रूप लेता नजर आ रहा है। बुधवार को कुछ आंदोलनकारी देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए और वहीं से विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
जानकारी के अनुसार, आंदोलनकारी विनोद, धर्मेंद्र, कविता और आनंद पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके साथ कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला भी मौजूद रहीं। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
टंकी पर मौजूद आंदोलनकारियों ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने लंबे समय से भोजन नहीं किया है और मंगलवार से शौच भी नहीं गया है। उनका कहना है कि इस वजह से शरीर में गैस बनने लगी है और एसिडिटी की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने सिर भारी होने, कमजोरी और बेचैनी की भी शिकायत की।
चिकित्सकों के अनुसार, लंबे समय तक भोजन न करने और शारीरिक क्रियाएं प्रभावित होने से शरीर में कीटोसिस की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। एक वरिष्ठ फिजिशियन ने बताया कि ऐसी स्थिति में शरीर ऊर्जा के लिए मांसपेशियों और वसा को जलाने लगता है, जिससे कमजोरी बढ़ती जाती है। यदि यह स्थिति 48 घंटे से अधिक बनी रहती है तो स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
आंदोलनकारियों का रक्तचाप और शुगर स्तर भी असंतुलित होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल प्रदर्शनकारियों को सुरक्षित नीचे उतारने और उनकी मांगों पर बातचीत के प्रयास जारी हैं।




