रुपये वापस दिलाने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

शाहजहांपुर, 10 मई (राम निवास शर्मा)। मिर्जापुर थाना क्षेत्र के कीलापुर खुर्द निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि लाखों रुपये हड़पने की शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। साथ ही कार्रवाई के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित चुन्नू के अनुसार उसने 28 अक्तूबर 2025 को थाना मिर्जापुर में शिकायत देकर गांव पंखा खेड़ा निवासी रिजवान, शकिर, इसरौल, सुभान, समशेर, असलम और अमीन खां पर रुपये हड़पने का आरोप लगाया था। उनका कहना है कि आरोपियों ने उनके पुत्र अमन के खाते और नकद माध्यम से लाखों रुपये लिए थे।

चुन्नू ने दावा किया कि पूरे लेनदेन से जुड़े वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। पीड़ित के अनुसार गांव के प्रधान फारूख की मध्यस्थता में समझौते की कोशिश भी हुई थी। आरोप है कि आरोपियों ने प्रधान के खाते में रकम जमा कराई, लेकिन अब तक उन्हें पैसे वापस नहीं मिले।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई कराने के नाम पर उससे सुविधा शुल्क की मांग की गई। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है, जिसके कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं।

चुन्नू ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे भय और तनाव के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं।

फिलहाल मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles