वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर बनाए टी20 में 100 छक्के

जयपुर, 10 मई (वेब वार्ता)। राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए टी20 क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव ने अपनी पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर टी20 करियर के 100 छक्के पूरे किए और ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए।

सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक शुरुआत की। सिराज के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर लंबा छक्का लगाते ही वैभव ने टी20 क्रिकेट में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने विश्व क्रिकेट में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 514 गेंदों में 100 टी20 छक्कों का आंकड़ा छुआ, जो इस प्रारूप में सबसे तेज उपलब्धि मानी जा रही है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के करणबीर सिंह ने 813 गेंदों में और वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड ने 843 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था। वैभव ने दोनों खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम किया।

मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी यशस्वी जायसवाल ने संभाली। रियान पराग की अनुपस्थिति में टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गुजरात टाइटंस की ओर से साई सुदर्शन ने 55 और कप्तान शुभमन गिल ने 84 रन की शानदार पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 229 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने मात्र 16 गेंदों में 36 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। हालांकि उनकी आक्रामक पारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और मोहम्मद सिराज ने ही उन्हें पवेलियन भेज दिया। यशस्वी जायसवाल भी केवल तीन रन बनाकर आउट हो गए।

सिराज और वैभव के बीच मुकाबला पूरे मैच का सबसे चर्चित क्षण रहा। पहली गेंद पर छक्का खाने के बाद सिराज ने अगली गेंद यॉर्कर डाली, जिस पर वैभव को हल्की चोट भी लगी। इसके बावजूद युवा बल्लेबाज ने आक्रामक रुख जारी रखा। हालांकि सिराज ने अपने अगले ओवर में तेज बाउंसर पर वैभव को कैच आउट कर बदला पूरा कर लिया। विकेट लेने के बाद सिराज का जोशीला जश्न भी चर्चा का विषय बना रहा।

राजस्थान रॉयल्स की टीम बड़े लक्ष्य के दबाव में नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 152 रन पर सिमट गई। गुजरात टाइटंस ने यह मुकाबला 77 रन के बड़े अंतर से जीत लिया।

हालांकि राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ पारी ने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कम उम्र में उनकी निडर बल्लेबाजी और बड़े शॉट खेलने की क्षमता को भविष्य के भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles