क्या ओलंपिक के लिए टी20 संन्यास से वापसी करेंगे विराट कोहली?

नई दिल्ली, 09 मई (वेब वार्ता)। भारतीय क्रिकेट इतिहास में 29 जून, 2024 की तारीख स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। इसी दिन टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को सात रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद जहां पूरा देश जश्न में डूबा था, वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था। अब वर्ष 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों को लेकर एक बार फिर विराट कोहली चर्चा में हैं।

दरअसल, वर्ष 2028 में लॉस एंजेलिस ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। लगभग 128 वर्षों बाद क्रिकेट को फिर से ओलंपिक खेलों में शामिल किया गया है। इससे पहले आखिरी बार वर्ष 1900 के पेरिस ओलंपिक में क्रिकेट खेला गया था। इसके बाद इस खेल को ओलंपिक से बाहर कर दिया गया था।

लॉस एंजेलिस ओलंपिक में क्रिकेट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या विराट कोहली टी20 संन्यास से वापसी कर सकते हैं। इस चर्चा को उस समय और बल मिला, जब लॉस एंजेलिस ओलंपिक समिति के खेल निदेशक निकोलो कैमप्रियानी ने कहा था कि क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल किए जाने के प्रमुख कारणों में विराट कोहली की वैश्विक लोकप्रियता भी शामिल है।

कुछ समय पहले विराट कोहली से ओलंपिक में खेलने को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा था कि ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद खास अनुभव होता है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह टी20 संन्यास से वापसी करेंगे या नहीं।

ओलंपिक क्रिकेट प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग में दुनिया की केवल छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। क्रिकेट मुकाबले 12 जुलाई से 29 जुलाई 2028 के बीच खेले जाएंगे। ऐसे में भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या विराट कोहली एक बार फिर नीली जर्सी में टी20 प्रारूप में मैदान पर उतरते दिखाई देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles