फिरोजाबाद, 09 मई (डी.एम शर्मा)। फिरोजाबाद के नवागत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का अलग अंदाज शनिवार को देखने को मिला, जब उन्होंने स्वयं कलेक्ट्रेट परिसर में झाड़ू और फावड़ा उठाकर सफाई अभियान की शुरुआत की। उनके नेतृत्व में चले इस अभियान में कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जानकारी के अनुसार, महाराजगंज से स्थानांतरित होकर आए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को जिले का कार्यभार संभाला था। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया, जहां उन्हें कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था दिखाई दी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शनिवार और रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
शनिवार सुबह निर्धारित समय पर जिलाधिकारी स्वयं कलेक्ट्रेट पहुंचे और सफाई अभियान की शुरुआत की। उन्होंने पहले झाड़ू लगाकर परिसर की सफाई की और बाद में फावड़ा लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर उगी झाड़ियों को हटाया। इसके साथ ही लंबे समय से बंद पड़ी नालियों में जमा मिट्टी और गंदगी को भी साफ कराया।
जिलाधिकारी को स्वयं सफाई करते देख अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी अभियान में जुट गए। पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई का कार्य किया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इसी क्रम में विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के नेतृत्व में भी सफाई अभियान चलाया गया। वहीं विभिन्न खंड विकास कार्यालयों में भी साफ-सफाई की गई। द्वितीय शनिवार का अवकाश होने के बावजूद अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने कार्यालय पहुंचकर अभियान का हिस्सा बने।
जिलाधिकारी की इस पहल की चर्चा पूरे जिले में हो रही है। लोगों ने प्रशासन की इस सक्रियता और स्वच्छता को लेकर दिखाई गई गंभीरता की सराहना की है।




