-खोदी गई सड़कों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश
हरदोई, 08 मई (लक्ष्मीकान्त पाठक)। जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को स्वामी विवेकानन्द सभागार कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिए कि जिन नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप लाइन डालने के लिए सड़कों एवं मार्गों की खुदाई की गई है, उन्हें कार्य पूर्ण होते ही तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि जहां भी पाइप लीकेज, जल आपूर्ति बाधित होने अथवा कनेक्शन में अनावश्यक विलम्ब की शिकायतें प्राप्त हों, उनका गुणवत्तापरक एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडबाल को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए। जिन गांवों से लगातार अधिक शिकायतें प्राप्त हों, वहां तैनात जेई एवं एई के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी जूनियर इंजीनियरों एवं सहायक अभियंताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को गंभीरता से लें तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




