यमुनानगर, 08 मई (वेब वार्ता)। हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बलाचौर की टपरियां निवासी 27 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। सूरज दो बच्चों का पिता था और अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह सूरज का शव उसके घर के आंगन में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हालात को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलने पर छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भेज दिया।
मृतक की बहन सरोज ने बताया कि सूरज की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उसके परिवार में तीन वर्ष की बेटी और तीन माह का बेटा है। उन्होंने बताया कि सुबह आसपास के लोगों से भाई की मौत की जानकारी मिली। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो घर का सामान बिखरा हुआ था और सूरज का शव आंगन में पड़ा मिला।
परिजनों के मुताबिक पूछताछ के दौरान सूरज की पत्नी ने बताया कि रात को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह बच्चों को लेकर कमरे में सो गई। सुबह करीब चार बजे जब वह बाहर आई तो सूरज आंगन में मृत अवस्था में पड़ा मिला।
मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि रात में हुए झगड़े और मौत की सूचना परिवार को समय पर नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया कि सूरज के शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान भी मिले हैं, जिससे परिवार को मौत पर शक है।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।




