रायपुर में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर, 08 मई (वेब वार्ता)। राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने की सूचना मिली। मामला Khamtarai थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 का है, जहां पुलिस ने एक बैग से कम तीव्रता वाला विस्फोटक पदार्थ, वायर, रासायनिक सामग्री, रिमोट सिस्टम और एयरगन जैसी वस्तुएं जब्त की हैं।

जानकारी के अनुसार यह बैग विनय देवांगन नामक व्यक्ति द्वारा एक महिला के घर में रखा गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक विनय का संबंध बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन और भाजपा पार्षद एवज देवांगन के परिवार से बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कम मात्रा में ऐसा पदार्थ मिला है, जिसे पटाखों में इस्तेमाल होने वाले बारूद जैसा बताया जा रहा है। हालांकि बैग में वायर, रासायनिक पदार्थ और डेटोनेटर जैसे उपकरण मिलने के बाद जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बैग से इलेक्ट्रॉनिक वायर, बैटरी, एयरगन और दो बोतलों में भरे रासायनिक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन सामग्रियों को जोड़कर रिमोट के जरिए विस्फोट की योजना बनाई जा सकती थी। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसे बम करार नहीं दिया है और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि विनय देवांगन 16 अप्रैल से लापता बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार वह महासमुंद जिले के सांकरा क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जिसके बाद से वापस नहीं लौटा।

जिस महिला के घर बैग रखा गया था, उसने पुलिस को बताया कि विनय बुधवार रात उसके घर आया था और बैग में कपड़े होने की बात कहकर उसे रखने का अनुरोध किया था। बाद में बैग अधिक भारी लगने और संदेह होने पर महिला ने वार्ड पार्षद को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बरामद सामग्री और उसके उद्देश्य के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles