-हरी शंकर शर्मा
कानपुर, 04 मई (वेब वार्ता)। दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय नवाबगंज के सभागार में अखिल विश्व गायत्री परिवार की आओ गढे संस्कारवान पीढ़ी” की कानपुर इकाई द्वारा भावी माता अभिनंदन समारोह का सफल आयोजन किया गया। आयोजन में लगभग 200 भावी माताओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ कल्याणपुर की विधायक नीलिमा कटियार द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्वलन से किया गया। इस वर्ष वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्म तथा अखंड दीपक के प्राकट्य के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इस क्रम में उत्तरप्रदेश के 24 जिलों में सामूहिक गौत्सव कार्यक्रम किया जाना है।
गायत्री परिवार के कार्यकर्ता विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला महिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज में गर्भसंस्कार कि जानकारी देंगे। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य भावी माताओं को गर्भावस्था में आदर्श दिनचर्या, संतुलित, पोषण युक्त संस्कारित आहार, योगासन, प्राणायाम, जप, ध्यान, गर्भ संवाद एवं गर्भ संगीत जैसे अति महत्वपूर्ण विषयों को सरल भाषा में समझाना था, जिससे भावी माता व भावी शिशु का समग्र स्वास्थ्य संवर्धन हो सके तथा शिशु प्रतिभावान, विवेकशील और संस्कारित पैदा हो। इसके द्वारा गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं में कमी लाई जा सकेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ मीरा अग्निहोत्री ने की। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है और इससे स्वस्थ एवं संस्कारित पीढ़ी के निर्माण में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की संस्था द्वारा किशोरावस्था और गर्भसंस्कार से संबंधित एक समिति का गठन किया गया है, जो इस संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रितु गुप्ता और डॉ वंदना पाठक को सम्मानित किया गया। दोनों अतिथियों ने गर्भावस्था पूर्व तैयारी और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर डॉ किरन पांडे, डॉ नीलम मिश्रा, डॉ किरन सिन्हा, डॉ कल्पना दीक्षित, डॉ रीता मित्तल, डॉ रेशमा निगम, डॉ कंचन शर्मा, डॉ रेनू गुप्ता, डॉ नीना गुप्ता और डॉ सीमा द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




