अहमदाबाद, 04 मई (वेब वार्ता)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 46वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हराकर अहम जीत दर्ज की। यह पहली बार है जब गुजरात ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पंजाब को मात दी है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 163 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में गुजरात की शुरुआत खराब रही और कप्तान शुभमन गिल जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद साई सुदर्शन और जोस बटलर ने 53 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। बटलर 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पदार्पण कर रहे निशांत सिंधु 15 रन बनाकर चलते बने।
एक छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन साई सुदर्शन ने संयम और आक्रामकता का शानदार मिश्रण दिखाते हुए 57 रनों की अहम पारी खेली। यह इस सत्र में उनका तीसरा अर्धशतक रहा, इससे पहले वे एक शतक भी जड़ चुके हैं।
इससे पहले गेंदबाजी में जेसन होल्डर ने 4 विकेट लेकर पंजाब की पारी को सीमित स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई।
अंतिम चरण में वाशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी संभाली और 23 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए छक्का लगाकर मुकाबला खत्म किया।
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने न केवल अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की, बल्कि घरेलू मैदान पर पंजाब के खिलाफ जीत का सूखा भी समाप्त कर दिया।




