सतना, 28 अप्रैल (वेब वार्ता)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पतेरी स्थित क्रिस्टकुला चौराहे पर सोमवार देर रात गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस वारदात में एक युवक के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान राहुल उर्फ अनुराग द्विवेदी (24 वर्ष), निवासी जवाहर नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घटना के समय चौराहे के पास मौजूद था, तभी दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान अचानक फायरिंग हो गई और गोली उसके पैर में जा लगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत वाहन हटाने और रास्ता देने को लेकर हुई थी। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर तीखी बहस में बदल गई और इसी दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने कट्टे से फायर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने इसे गोली लगने की चोट बताया है और फिलहाल उसका उपचार जारी है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे डायल-100 पर सूचना मिली थी कि एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि घायल उस समय बयान देने की स्थिति में नहीं था, इसलिए आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दो गुटों के बीच विवाद की पुष्टि हुई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि फायरिंग करने वाले व्यक्ति और घटना में शामिल अन्य लोगों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
मामूली विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना स्थानीय स्तर पर चिंता का विषय बना हुआ है, वहीं पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।



