कटनी, 27 अप्रैल (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कछगवां में एक कबाड़ व्यापारी का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय रघुनाथ पटेल के रूप में हुई है, जो गांव में कबाड़ का कारोबार करते थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने इस घटना को हादसा मानने से साफ इनकार कर दिया है। उनका आरोप है कि रघुनाथ पटेल की पहले हत्या की गई और बाद में उनकी दुकान में आग लगाकर इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। इस आरोप के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
पुराने विवाद की ओर इशारा
जानकारी के अनुसार, गांव के ही तेजीलाल चौधरी के साथ रघुनाथ पटेल का लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई थी। परिजनों का कहना है कि इस विवाद की शिकायत पहले पुलिस में दर्ज कराई गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने पहले ही जान से मारने की धमकी दी थी और घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश देकर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, दुकान में आग लगने की सूचना मिलने के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तो अंदर से रघुनाथ पटेल का जला हुआ शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



