लखीमपुर खीरी, 27 अप्रैल (वेब वार्ता)। लखीमपुर खीरी के थाना नीमगांव क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात सात वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोसी ने बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने बुलाया और इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की गई। यह घटना रविवार रात करीब आठ बजे की बताई गई है। पीड़ित बच्ची अपने भाई के साथ अपनी दुकान पर बैठी थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पड़ोसी दुकान पर आया और उसने बच्ची को चॉकलेट दिलाने का लालच दिया। वह बच्ची को अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी मासूम को दुकान पर न ले जाकर सीधे अपने घर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। पुलिस की कार्रवाई बच्ची की हालत देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ग्रामीण को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ की है। पीड़ित मासूम को तत्काल मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



