हिसार, 22 अप्रैल (वेब वार्ता)। हरियाणा और राजस्थान की सीमा पर स्थित खेड़ी गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में बनी ढाणी के अंदर पाकिस्तान के निशान वाला संदिग्ध गुब्बारा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुब्बारा हवाई जहाज के आकार का है और सफेद-हरे रंग में बना हुआ है। इस पर ‘पीआईए’ लिखा हुआ है, साथ ही पाकिस्तान का नाम और चांद-सितारे का प्रतीक अंकित है, जिससे ग्रामीणों की आशंका और बढ़ गई।
गांव निवासी जयवीर सिंह शर्मा ने सबसे पहले इस गुब्बारे को अपनी ढाणी में देखा। अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े प्रतीकों को देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कागदाना चौकी प्रभारी दीपक शर्मा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र की जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुब्बारा बेहद हल्का है और संभवतः हवा के रुख के कारण सीमा पार या किसी अन्य दिशा से उड़कर यहां पहुंच गया होगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत प्रशासन को दें और अफवाहों से बचें।



