उधमपुर, 20 अप्रैल (वेब वार्ता)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस रामनगर क्षेत्र के कघेट गांव के पास खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ने से वाहन गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे।
हादसे में अब तक 7 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि 15 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। बड़ी संख्या में घायल यात्रियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारण क्षेत्र में सड़क पर लंबा जाम भी लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
इस घटना पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। मंत्री ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत अभियान शुरू कर दिया गया है और गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की भी व्यवस्था की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि सभी प्रभावितों को शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।



