गुहला, 20 अप्रैल (वेब वार्ता)। गांव स्यू माजरा में खेत के रास्ते को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। उनके भतीजे सतनाम सिंह ने बताया कि रविवार देर रात करीब 11 बजे वह अपने चाचा के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी लेकर खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नहर के पास गांव के ही एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से रास्ता निजी बताते हुए वहां से गुजरने से मना कर दिया।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपी ने अचानक फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि उसने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली गुरविंदर सिंह की छाती में जा लगी।
गोली लगते ही गुरविंदर सिंह मौके पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल गुहला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तेजेंद्र सिंह के अनुसार गोली मृतक की छाती के ऊपरी हिस्से में लगी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सुनेश कुमार, थाना प्रभारी गुहला, ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और गवाहों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।



