हरदोई, 04 अप्रैल (लक्ष्मीकान्त पाठक)। संपूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग करने के बाद मुख्य विकास अधिकारी हरदोई सान्या छाबड़ा ने विकासखंड बिलग्राम कार्यालय का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लॉक परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परिसर को स्वच्छ, हरित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए छायादार और शोभाकारी पौधों का वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों और आगंतुकों के वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया। अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा जर्जर भवनों के निस्तारण के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक भवन में मनरेगा कक्ष, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कक्ष, लेखाकार पटल, शिकायत पटल और स्थापना पटल का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के रखरखाव एवं शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर बल दिया गया।
मनरेगा और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सीएलएफ स्तर पर धनराशि लंबित पाए जाने पर संबंधित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही गई। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों से संबंधित लंबित भुगतान पर भी नाराजगी जताते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र कुमार सिंह और खंड विकास अधिकारी नीरज शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



