हरदोई, 04 अप्रैल (लक्ष्मीकान्त पाठक)। मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को जनपद मुख्यालय पर महिला सशक्तिकरण और जन-जागरूकता को समर्पित भव्य साइक्लोथान मेगा इवेंट का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षिकाओं की विशाल साइकिल रैली को डीएम चौराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
रैली में जीजीआईसी इंटर कॉलेज, श्री बेणी माधव, विद्यापीठ इंटर कॉलेज तथा आर्य कन्या बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जागरूकता के नारों और संदेशों से सजी यह रैली डीएम चौराहे से प्रारंभ होकर अटल चौक, सोल्जर बोर्ड चौराहा और कलेक्ट्रेट परिसर के सामने से होती हुई गांधी भवन पर जाकर सम्पन्न हुई। मार्ग भर छात्राओं ने महिला सुरक्षा, शिक्षा और समानता से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान सहभागी बालिकाओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत टी-शर्ट और कैप वितरित किए गए, जिससे उनमें उत्साह और बढ़ गया। रैली के माध्यम से जनसंख्या अनुपात, जन्म-मृत्यु दर, लिंगानुपात, स्कूल ड्रॉपआउट, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, संस्थागत प्रसव, साक्षरता दर तथा महिलाओं और बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुँचाई गई, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में सामूहिक सहभागिता बढ़ सके।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, मिशन शक्ति टीम पुलिस विभाग सहित डॉ. अभय जैन, सतीश कुमार, पिंकी देवी, प्रियंका पाण्डेय, रूबी देवी, खुशबू जहां, संध्या, पल्लवी मिश्रा, सर्वदेव नारायण, सुरभि सिंह, मिथलेश कुमार, प्रशांत दीक्षित तथा विनीत कुमार समेत अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। साइकिल रैली ने न केवल महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया, बल्कि समाज में समानता, सुरक्षा और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए जनपद में जागरूकता की नई लहर पैदा की।



