इस सप्ताह 6 दिन बंद रहेंगे बैंक, घर से निकलने से पहले देखें पूरी छुट्टियों की सूची

नई दिल्ली, 30 मार्च (वेब वार्ता)। मार्च माह के समापन और नए वित्त वर्ष की शुरुआत के बीच बैंकिंग सेवाओं को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 30 मार्च से 5 अप्रैल तक देश के विभिन्न राज्यों में बैंकों में कुल छह दिन अवकाश रहेगा। ऐसे में ग्राहकों को अपने जरूरी कार्यों की योजना पहले से बनानी होगी।

इस सप्ताह महावीर जयंती, गुड फ्राइडे और खाता बंदी दिवस जैसे कारणों से बैंक शाखाओं में लगातार अवकाश रहेगा। अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और आयोजनों के अनुसार बैंक बंद रहने की स्थिति बनी रहेगी।

30 मार्च सोमवार को कर्नाटक में महावीर जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 31 मार्च मंगलवार को महावीर जन्मकल्याणक के कारण दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बैंक शाखाओं पर ताला रहेगा।

नए वित्त वर्ष की शुरुआत से पहले 1 अप्रैल बुधवार को खाता बंदी दिवस के चलते अधिकांश राज्यों में बैंक आम ग्राहकों के लिए बंद रहेंगे। इस दिन बैंक आंतरिक कार्यों में व्यस्त रहते हैं और सार्वजनिक लेन-देन सीमित रहता है।

2 अप्रैल गुरुवार को केरल में मौंडी थर्सडे के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे, जबकि 3 अप्रैल शुक्रवार को गुड फ्राइडे के कारण देश के कई हिस्सों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। सप्ताह के अंत में 5 अप्रैल रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते सभी बैंक बंद रहेंगे।

हालांकि, बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। डिजिटल सेवाएं जैसे मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम सुविधाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। इन माध्यमों से ग्राहक धन हस्तांतरण, बिल भुगतान और अन्य कार्य आसानी से कर सकते हैं।

भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार, बैंक अवकाश को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें विनिमेय लिखत अधिनियम के अंतर्गत अवकाश, त्वरित सकल निपटान अवकाश और खाता बंदी दिवस शामिल हैं। विभिन्न राज्यों में स्थानीय त्योहारों के आधार पर छुट्टियों में भिन्नता देखी जाती है, इसलिए ग्राहकों को अपने क्षेत्र के अनुसार जानकारी अवश्य जांच लेनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles