कोलकाता सहित कई इलाकों में महसूस हुए भूकंप के झटके
कोलकाता, 27 मार्च 2026 (वेब वार्ता)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता समेत कई शहरों में शुक्रवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 दर्ज की गई। झटके महसूस होते ही लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।
बांग्लादेश में था भूकंप का केंद्र
रिपोर्ट्स के अनुसार, भूकंप का केंद्र बांग्लादेश में था। यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) ने बताया कि भूकंप की गहराई करीब 35 किलोमीटर थी। इसके असर से पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में कंपन महसूस किया गया।
दोपहर 1:20 बजे महसूस हुए झटके
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता में दोपहर करीब 1:20 बजे झटके महसूस किए गए। अचानक आए कंपन से लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
लोगों ने बताया- हिलने लगे पंखे और सामान
स्थानीय लोगों के अनुसार, भूकंप के दौरान घर के अंदर रखी वस्तुएं हिलने लगीं। एक व्यक्ति ने बताया कि वे सोफे पर बैठे थे, तभी अचानक झटके महसूस हुए और पंखे व अन्य सामान हिलने लगे।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा गया कि झटकों के दौरान लोग तेजी से घरों से बाहर निकलते नजर आए। कई जगहों पर घर के अंदर रखी वस्तुएं हिलती हुई दिखाई दीं।
अब तक किसी नुकसान की खबर नहीं
फिलहाल प्रशासन के अनुसार, इस भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। स्थिति सामान्य बनी हुई है और अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं।



