कुशीनगर, ममता तिवारी | वेब वार्ता
कुशीनगर जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने 34 बदमाशों को तीन महीने के लिए जिला बदर कर दिया है। इस कार्रवाई में रूधवलिया गांव के प्रधान चंद्रभूषण यादव का नाम भी शामिल है। पुलिस व प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और पशु तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रधान समेत 34 पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के छहू गांव निवासी चंद्रभूषण यादव वर्तमान में रूधवलिया गांव में निवास करता है और वहीं का प्रधान है। उसके, उसके बेटे संतोष यादव तथा भतीजे जिला पंचायत सदस्य अमरेश यादव पर पशु तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में अमरेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, हालांकि वह जमानत पर रिहा हो चुका है।
पुलिस की सख्ती, फरार हुए कई तस्कर
प्रशासन की सख्ती के बाद कई पशु तस्कर घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बदमाशों की निगरानी बढ़ा दी है। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिन पर जिला बदर की कार्रवाई हुई है, वे निर्धारित अवधि तक जिले से बाहर रहेंगे और संबंधित थाने में हाजिरी देंगे।
- तीन महीने तक जिले की सीमा में प्रवेश पर रोक
- निर्धारित थाने में नियमित हाजिरी अनिवार्य
- संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी
- अभियान चलाकर साक्ष्य आधारित कार्रवाई के निर्देश
संतोष यादव अभी भी फरार
चंद्रभूषण यादव का बेटा संतोष यादव पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। पुलिस अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी है और वह घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है।
जिला बदर किए गए प्रमुख नाम
कार्रवाई की सूची में अमरजीत, प्रमोद, जिला गोड़, सतीश उर्फ रामसतीश, सत्येंद्र, राम केवल, आकाश साहनी, दीपक, कमलेश तिवारी, भोला उर्फ समीम, मुन्ना उर्फ आलमीन, रामनिवास, रमेश, मूरत, शैलेन्द्र सिंह, विनय यादव, अंजुन अली, धर्मेन्द्र, रविन्द्र कुमार, दिलीप, आमिर हसन, सोनू चौहान, साधू उर्फ कमलेश, समरजीत सिंह उर्फ गोल्डी, ताहिर, चंद्रभूषण यादव, रामअषीश यादव, अभय जायसवाल, विवेक कुशवाहा, अनिल, पंकज सिंह, अमित सिंह, विशाल सिंह व शमसुद्दीन सहित कुल 34 लोग शामिल हैं।
डीएम का सख्त संदेश
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि अपराधी चाहे किसी भी रसूख या संरक्षण में हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पशु तस्करी और संगठित अपराध पर प्रशासन की पैनी नजर है।
ये भी पढ़ें: कुशीनगर के मान्यता प्राप्त पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से वृद्ध पत्रकारों के लिए पेंशन की मांग उठाई







