लखनऊ, अजय कुमार | वेब वार्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों से एक-एक कर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
अवैध कब्जे पर सख्त रुख, दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में अवैध कब्जे से जुड़े कई प्रकरण सामने आए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारियों, राजस्व और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में पूरी गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनपदों में भी सुनें जनता की समस्याएं: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि सभी जनपदों में प्रशासन, पुलिस और राजस्व अधिकारी नियमित रूप से जनता की समस्याएं सुनें और पीड़ितों को न्याय दिलाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को त्वरित और पारदर्शी न्याय दिलाना है।
बीमार बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का आश्वासन
जनता दर्शन में एक महिला अपने बीमार बच्चे के साथ पहुंचीं, जिनका केजीएमयू में इलाज चल रहा है। महिला ने आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल सहायता दिलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक मेरा परिवार हैं। धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।”
बच्ची ने किया सैल्यूट, मुख्यमंत्री ने दिया आशीर्वाद
जनता दर्शन के दौरान एक भावुक पल तब देखने को मिला, जब एक बच्ची ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सैल्यूट किया। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए बच्ची का नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा तथा उसे आशीर्वाद देते हुए कहा, “खूब मन लगाकर पढ़ाई करो।” मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भी दी।
मुख्यमंत्री को बच्ची ने सुनाई कविता
एक अन्य बच्ची ने मुख्यमंत्री को देशभक्ति से ओतप्रोत कविता सुनाई—
“हम शेर बच्चे, शेर बच्चे हैं,
हम छोटे हैं तो क्या हुआ, हम दिल के सच्चे हैं,
हम बड़े होकर देश की शान बढ़ाएंगे, जय हिंद।”
कविता सुनकर मुख्यमंत्री ने बच्ची की प्रशंसा की और स्कूल में तत्काल प्रवेश कराने के निर्देश दिए।
- अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
- प्रशासन व पुलिस को संवेदनशीलता से काम करने की हिदायत
- गरीबों और जरूरतमंदों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता
- बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संवेदनशील, लेकिन सख्त प्रशासनिक रुख साफ तौर पर देखने को मिला। उन्होंने दोहराया कि जनता की समस्याओं का समाधान ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
👉 मुख्यमंत्री योगी और शासन से जुड़ी खबरों के लिए Web Varta WhatsApp चैनल फॉलो करें
ये भी पढ़ें: केंद्रीय बजट 2026-27: भाजपा मुख्यालय से मंडलों तक सामूहिक श्रवण, ब्रजेश पाठक ने सराहा







