Monday, January 26, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

कुशीनगर में 22 जनवरी से एफएमडी नियंत्रण हेतु सघन पशु टीकाकरण अभियान

कुशीनगर, ममता तिवारी | वेब वार्ता

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के अंतर्गत खुरपका–मुँहपका (एफएमडी) रोग के नियंत्रण एवं पूर्ण उन्मूलन के उद्देश्य से 22 जनवरी 2026 से सघन पशु टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 10 मार्च 2026 तक कुल 45 दिनों तक संचालित रहेगा।

पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध, कोल्ड चेन से सुरक्षित भंडारण

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के लिए जनपद को 1 लाख 63 हजार वैक्सीन डोज प्राप्त हो चुकी हैं। सभी डोज को निर्धारित तापमान पर कोल्डरूम में सुरक्षित रखा गया है। विकास खंडों को लक्ष्यानुसार वैक्सीन की आपूर्ति की जा रही है, जिन्हें आइसलाइनर एवं फ्रीज में सुरक्षित रखा गया है।

हर विकास खंड में टीकाकरण टीमें गठित

अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक विकास खंड में टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में एक पशुचिकित्साधिकारी, एक पशुधन प्रसार अधिकारी, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा स्थानीय पैरावेट/मैत्री शामिल रहेंगे।

नोडल अधिकारी नामित, कंट्रोल रूम स्थापित

जनपद स्तर पर अभियान के नोडल अधिकारी के रूप में डॉ. विद्याराम वर्मा, उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, सदर पडरौना को नामित किया गया है। अभियान की निगरानी के लिए पशुचिकित्सालय सदर पडरौना में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

घर-घर जाकर निःशुल्क टीकाकरण, ऐप पर अपलोड होगा डाटा

टीकाकरण टीमें पशुपालकों के घर-घर जाकर पशुओं का पंजीकरण करते हुए निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण करेंगी। टीकाकरण की जानकारी मौके पर ही भारत पशुधन ऐप पर अपलोड की जाएगी। प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट विकास खंडों से जनपद स्तर पर संकलित कर निदेशालय, पशुपालन विभाग, लखनऊ को भेजी जाएगी।

1.82 लाख से अधिक पशुओं का होगा टीकाकरण

डॉ. सिंह ने बताया कि 21वीं पशुगणना के अनुसार जनपद में कुल 1,82,738 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशु हैं, जिनका टीकाकरण किया जाना है। पशुपालकों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा सचल वाहनों के माध्यम से टीकाकरण से पूर्व सूचना दी जा रही है।

  • अभियान अवधि: 22 जनवरी से 10 मार्च 2026
  • कुल अवधि: 45 दिन
  • उपलब्ध वैक्सीन डोज: 1.63 लाख
  • लक्षित पशु: 1,82,738 गोवंशीय एवं महिषवंशीय
  • घर-घर निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुरपका–मुँहपका रोग से सुरक्षित रखने के लिए अभियान के दौरान शत-प्रतिशत एफएमडी टीकाकरण अवश्य कराएं।

👉 हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें – Web Varta

ये भी पढ़ें: कुशीनगर: दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या पर अदालत का सख्त फैसला, दोषी को मृत्यु तक आजीवन कारावास

Author

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest

More articles