Wednesday, February 11, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

दिल्ली हमारी है…हम ही संवारेंगे, सीएम रेखा गुप्ता ने कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान किया शुरु

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। राजधानी दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और कचरामुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान’ की शुरुआत की। यह विशेष अभियान 1 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक चलेगा और इसमें दिल्ली की तमाम एजेंसियां, नागरिक संगठन और आम जनता शामिल होंगे।

इस अभियान का शुभारंभ निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में एक औपचारिक कार्यक्रम के तहत किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सहित दिल्ली सरकार और निगम के कई शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।

पहले दो दिन स्कूलों, अस्पतालों और दफ्तरों पर फोकस

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, “पहले दो दिन स्कूलों, अस्पतालों और सरकारी दफ्तरों में लंबे समय से लंबित सफाई कार्यों को पूरा किया जाएगा। जबकि हर शनिवार और रविवार को अनधिकृत कॉलोनियों और जेजे क्लस्टरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।”

यमुना घाटों की सफाई के लिए भी योजना तैयार की गई है, जो 14, 21 और 28 अगस्त को चलेगी। वहीं, रिंग रोड की सफाई को लेकर 29 और 31 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई है।

एमसीडी को 5 करोड़ की सहायता राशि, आरडब्ल्यूए को मिलेगा इनाम

सीएम ने इस अभियान के लिए नगर निगम (एमसीडी) को 5 करोड़ रुपए आवंटित करने की घोषणा की। इसके अलावा, सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली आरडब्ल्यूए (रहवासी कल्याण संघ) को 25 लाख रुपए, दूसरे स्थान पर रहने वाली को 15 लाख और तीसरे स्थान पर आने वाली को 10 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

जेजे कॉलोनियों पर रहेगा विशेष फोकस

शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा, “स्वच्छता केवल वीआईपी ज़ोन तक सीमित नहीं होनी चाहिए। दिल्ली की आत्मा जेजे कॉलोनियों और अनधिकृत बस्तियों में बसती है। यह अभियान इन उपेक्षित इलाकों में सम्मान और स्वच्छता बहाल करने का प्रयास है।”

उन्होंने सभी एजेंसियों— एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, एनडीएमसी, दिल्ली पुलिस आदि—से पूर्ण समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की।

दिल्ली को आदर्श राजधानी बनाने का संकल्प

मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि यह केवल सफाई का काम नहीं है, बल्कि यह अभियान दिल्ली को एक स्वस्थ, सुंदर और गरिमापूर्ण राजधानी बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास है।

कार्यक्रम में मौजूद रहे ये प्रमुख चेहरे

इस अवसर पर कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें शामिल हैं:

  • पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह

  • पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा

  • संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा

  • मेयर राजा इकबाल सिंह

  • डिप्टी मेयर जय भगवान यादव

  • स्थायी समिति चेयरमैन सत्या शर्मा

  • एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल

  • निगमायुक्त अश्विनी कुमार

  • मुख्य सचिव धमेन्द्र और अन्य अधिकारी

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img