महराजगंज पहुंची राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, बोलीं- सभी बच्चों को शिक्षित कर पूरा होगा विकसित भारत का सपना

- Advertisement -

सभी बच्चों को शिक्षित कर पूरा होगा विकसित भारत का सपना: राज्यपाल

जब बेटियों तक योजनाएं पहुंचेंगी तभी पूरा होगा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का लक्ष्य

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित

महराजगंज, (वेब वार्ता)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को महराजगंज में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कई विभागों के स्टालों का भी निरीक्षण किया और लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित किट व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

राज्यपाल ने कहा कि सभी बच्चों को शिक्षित कर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सकता है।जब सभी योजनाएं बेटियों तक पहुंचेंगी तभी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों का महत्व बताते हुए कहा कि बच्चों के विकास के लिए यह महत्वपूर्ण माध्यम हैं। बच्चे इन केंद्रों तक पहुंचे यह सभी को सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने कहा कि समाज में वही व्यक्ति वास्तव में बड़ा होता है, जो जरूरतमंदों और कमजोर वर्ग की सहायता करता है। गरीबों का उत्पीड़न करने वाला, उनकी जमीन हड़पने वाला कभी बड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी बच्चे आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ें और उनकी प्रारंभिक शिक्षा सुचारु रूप से चले। कहा कि, जिले के अधिकारियों द्वारा स्कूलों को गोद लेना अच्छी पहल है, अब हर अधिकारी को गांव भी गोद लेना चाहिए।

बच्चों की शिक्षा और पोषण सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी बच्चों को समय पर वैक्सीन लगवाई जाए इसका ध्यान अभिभावकों को भी देना होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि जो लोग अपने बच्चों को वैक्सीन नहीं लगवाते, उन्हें सरकारी योजनाओं से वंचित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2025 तक भारत को क्षय रोग मुक्त करने के लक्ष्य को दोहराया और इसके लिए हर नागरिक को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने किशोरियों को एचपी वैक्सीन लगाने पर भी जोर दिया, जिससे उन्हें कैंसर से बचाया जा सके।

राज्यपाल ने कहा कि लोग को नशे के लिए रुपये हैं,लेकिन बेटियों को वैक्सीन लगवाने के लिए रुपये नहीं है। यह सोच बदलने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महराजगंज जिले के सभी मुसहर गांवों में सरकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पहुंचाया जाए, ताकि वहां के लोग भी मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को खत्म करने के लिए गांव-गांव जागरूकता यात्रा निकालने का सुझाव दिया।

जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया,सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल, फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी,भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला महामंत्री ओमप्रकाश पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, संजीव शुक्ला, आकाश श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Author

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img