तीन दिनों के मॉरीशस के दौरे पर जाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , जानें क्या है पूरा कार्यक्रम

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 दिनों की विदेश यात्रा पर मॉरीशस जाएंगी। उनका यह दौरा 11 मार्च (सोमवार) से शुरू होगा। वह मॉरीशस के तीन-दिवसीय राजकीय दौरे पर इस द्वीप राष्ट्र के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इस दौरान भारत के दो युद्धपोत- आईएनएस तीर और सीजीएस सारथी- के साथ नौसेना की एक टुकड़ी भी समारोह में हिस्सा लेगी। विदेश मंत्रालय ने दौरे की घोषणा करते हुए बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू अपने मॉरीशस समकक्ष पृथ्वीराजसिंह रूपुन और प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मू इसके अलावा मॉरीशस नेशनल असेंबली के अध्यक्ष, वहां के उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश और देश के कई महत्वपूर्ण नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। विदेश मंत्रालय ने बताया, ”भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 मार्च को मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने के लिए 11 से 13 मार्च तक द्वीप राष्ट्र का दौरा करेंगी।” मंत्रालय ने बताया, ‘‘भारतीय नौसेना की एक टुकड़ी अपने दो युद्धपोतों के साथ समारोह में हिस्सा लेगी। टुकड़ी में भारतीय नौसेना के पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन आईएनएस तीर और सीजीएस सारथी शामिल है।

भारत से सहायता प्राप्त 14 परियोजनाओं का मॉरीशस में उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति

” विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मुर्मू और जगन्नाथ संयुक्त रूप से भारत से सहायता प्राप्त 14 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। ये परियोजनाएं नयी दिल्ली की मॉरीशस के साथ विकास साझेदारी के विस्तार और बहुआयामी प्रकृति को प्रदर्शित करेंगी, जो द्विपक्षीय संबंधों का एक ‘प्रमुख स्तंभ’ है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौतों के आदान-प्रदान, संस्थागत सहयोग और क्षमता निर्माण सहयोग को मजबूत बनाने के प्रयास की भी गवाह बनेंगीं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ”मुर्मू, वर्ष 2000 के बाद से मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वालीं छठीं भारतीय राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति का यह दौरा भारत और मॉरीशस के बीच दीर्घकालिक व स्थायी संबंधों को रेखांकित करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles