बेरोजगारी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। भारतीय युवा कांग्रेस ने बेरोजगारी और अमेरिका के भारतीयों को हथकड़ियां पहनाकर भेजने के मुद्दे पर मंगलवार दिन में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि अब केन्द्र सरकार की नाकामियों के खिलाफ देश भर में ‘नौकरी दो-जंजीरें नहीं अभियान चलाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान संसद का घेराव करने के लिए बढ़ रहे युवा कांग्रेस के नेताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इससे पूर्व, युवा कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पर जुटे। यहां पर हुई सभा में चिब ने कहा कि अमेरिका से भारतीय नागरिकों को जिस अमानवीय तरीके से हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ी पहनाकर भेजा गया, वह काफी शर्मनाक है। यह विश्वपटल पर भारतीयों का अपमान है। केन्द्र सरकार को जवाब देना चाहिए कि आखिर वह इस मामले पर चुप क्यों है। चिब ने कहा कि युवा कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक देश के नागरिकों के हक और सम्मान के लिए इसी प्रकार से लड़ती रहेगी। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, राष्ट्रीय सचिव नीरज कुंदन व अन्य लोग भी मौजूद रहे। सभा के बाद युवा कांग्रेस के लोग प्रदर्शन करते हुए संसद घेराव के लिए बढ़ने लगे। पुलिस ने जंतर-मंतर पर ही बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक लिया। कुछ कांग्रेस नेता बैरिकेड पर चढ़ गए और उसे पार करने की कोशिश करने लगे, जिस पर कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, बाद में सभी को छोड़ दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

More articles