– कुल बजट का 19 फीसद शिक्षा पर खर्च करेगी सरकार 60 नए सीएमश्री स्कूल खोलने के लिए 100 करोड़ का बजट
नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता द्वारा विधानसभा में पेश किया गया बजट शिक्षा के लिए खास है। पहली बार राजधानी के छात्रों के लिए पीएमश्री की तर्ज पर सीएमश्री स्कूल, 10वीं की पढ़ाई पूरी कर चुके 1200 छात्रों को 11वीं में मुफ्त लैपटॉप, भाषाई दिक्कत को देखते हुए छात्रों के लिए भाषा लैब बनाने बनाने सहित कई घोषणाएं इस बार बजट में की गई हैं। भाजपा सरकार ने कुल बजट का 19 फीसदी बजट शिक्षा के लिए रखा है। इसके लिए 19,291 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सभी बच्चों को उनकी आर्थिक पृष्ठभूमि से परे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए, हम आगामी सत्र 2025-26 से 60 नए सीएमश्री स्कूल खोलने की घोषणा करते हैं। यह स्कूल राष्ट्रीय शिक्षा नीति का पूर्ण अनुपालन करेंगे और इनमें नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क फॉर स्कूल एजुकेशन 2023 लागू किया जाएगा। ये स्कूल पीएमश्री स्कूलों की तर्ज पर ही खोले जाएंगे। इस योजना के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में 100 करोड़ की बजट राशि रखी गई है। जबकि लैपटॉप के लिए 7.5 करोड़ रुपए की राशि बजट में निर्धारित की गई है।
जेईई नीट मार्गदर्शन के लिए भी बजट
राजधानी में गरीब या सामान्य बच्चों के लिए भी कोचिंग की सुविधा मंहगी है। इसकी जरूरत को देखते हुए दिल्ली सरकार पहली बार महामना पं. मदनमोहन मालवीय विद्या शक्ति मिशन की भी शुरुआत करने जा रही है। इस पहल के तहत जेईई, नीट, क्लैट, सीए और सीयूईटी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को प्रोफेशनल मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। वित्त वर्ष 2025-26 में इस योजना के लिए 21 करोड़ की बजट राशि रखी गई है।
राष्ट्रनीति के तहत मंत्री,प्रशासकों से सीधा संवाद कर सकेंगे छात्र
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पहली बार राजधानी में ‘राष्ट्रनीति’ की शुरुआत की जा रही है, जिसके लिए 1.5 करोड़ का विशेष बजट आवंटन किया जा रहा है। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय के 12वीं कक्षा तक के छात्रों को शामिल करने वाला यह कार्यक्रम शासन, लोकतंत्र, सक्रिय नागरिकता और नीति निर्माण का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करेगा। इसमें युवा संसद, मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीधा संवाद, डिजिटल शासन, भारत के ग्रामीण और दूरदराज के इलाव वर्चुअल दौरा और सामुदायिक जुड़ाव भी शामिल होगा, जिस सुनिश्चित होगा कि छात्र जिम्मेदार, जागरूक और सक्रिय नागरिक बन सकें।
स्थापित की जाएंगी भाषा लैब
दिल्ली के 100 सरकारी स्कूलों में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भाषा प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इन प्रयोगशालाओं में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करके अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, फ्रेंच, जर्मन और स्पेनिश जैसी कई भाषाएं सिखाई जाएंगी। इस योजना के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में 21 करोड़ की राशि प्रस्तावित हैं। इसके अलावा केजी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए साइंस ऑफ लिविंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में इस योजना के लिए 1.5 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
50 करोड़ में बनेगी 175 नई कंप्यूटर लैब
शिक्षा के क्षेत्र बेहतर करने के लिए सीबीएसई के मानदंडों के अनुसार, सरकारी स्कूलों में 175 नई कंप्यूटर लैब स्थापित किए जाने की घोषणा की गई है। इस योजना के लिए वित्त वर्ष 2025-26 में 50 करोड़ रुपए की बजट राशि रखी गई है। यह लैब छात्रों को तकनीकी, विज्ञान सहित अन्य जानकारियों के लिए महत्वपूर्ण है।
दिल्ली के हर छात्र को डिजिटल और आधुनिक शिक्षा देने के लिए ₹19,291 करोड़ के बजट से शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया जाएगा। CM Shri स्कूलों में एआई आधारित क्लासरूम, रोबोटिक्स लैब्स और स्मार्ट क्लासरूम भी तैयार किए जाएंगे। #ViksitDelhiBudget pic.twitter.com/C65fy9hYZ2
— CMO Delhi (@CMODelhi) March 25, 2025