देवरिया, ममता तिवारी | वेब वार्ता
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सलेमपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की कुल 12 मोटरसाइकिलों के साथ छह शातिर चोरों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल चोरी के कई मामलों का सफल खुलासा किया है।
मुखबिर की सूचना पर स्कूल ग्राउंड से गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष सलेमपुर महेंद्र कुमार चतुर्वेदी अपनी टीम के साथ बीती रात संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ सेंट पॉल स्कूल के ग्राउंड में खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तीन चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ छह युवक पकड़े गए।
पूछताछ में सामने आया बड़ा नेटवर्क
पकड़े गए युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि तीनों मोटरसाइकिल चोरी की हैं। इसके बाद सख्ती से पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर रेकी कर मोटरसाइकिल चोरी करता था और नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बिहार में बेच देता था।
ईंट भट्ठे से बरामद हुईं 9 और मोटरसाइकिलें
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खुखुन्दू-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर भरथुआ के पास स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे से 9 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
- कुल बरामद मोटरसाइकिलें – 12
- गिरफ्तार अभियुक्त – 6
- विभिन्न थानों में दर्ज थे चोरी के मुकदमे
- बिहार में बेचने की थी योजना
- एक आरोपी अब भी फरार
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्तों में करन कुमार, अमित यादव उर्फ मुलायम, राज कुमार उर्फ राजा, नवनीत कुमार, रोहित और सूरज यादव शामिल हैं। सभी अभियुक्त देवरिया जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। इनके विरुद्ध थाना सलेमपुर में मु0अ0सं0-22/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2), 317(4), 341(2) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य नाजिर अंसारी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए अलग से पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सलेमपुर पुलिस की इस कार्रवाई को मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
👉 हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें – Web Varta
ये भी पढ़ें: मनरेगा बचाव अभियान: देवरिया पहुंची गांधी युवा साइकिल यात्रा, सरकार पर तीखे आरोप








