देवरिया 22 अक्टूबर। देवरिया में
कल 23 अक्टूबर को जनपद के 16 बूथों के माध्यम से 4,200 मतदाता गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान करेंगे। मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों को इस चुनाव के लिए बूथ बनाए गए हैं, जहां संबंधित मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आज कलेक्ट्रेट परिसर से मतदान पार्टियां रवाना होकर अपने निर्धारित गंतव्य स्थलों पर पहुंच गई हैं। ये पार्टियां कल निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ मतदान प्रक्रिया संपन्न कराएंगी।
मतदान प्रातः 8 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोरखपुर स्थित मतगणना स्थल पर भेजा जाएगा। इसके लिए सभी मतपेटिकाएं पहले कलेक्ट्रेट में एकत्र की जाएंगी। वहां से मजिस्ट्रेट एवं प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में सुरक्षा बलों के साथ उन्हें गोरखपुर भेजा जाएगा।
शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को 16 बूथों पर होगा मतदान, 4,200 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

- Advertisement -



