– श्रम कानूनों और सामाजिक सुरक्षा पर हुई चर्चा
कानपुर। दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईआईए भवन में “श्रम संवाद” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह क्षेत्रीय क्षमता-निर्माण और जागरूकता कार्यक्रम भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्योगपतियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों, एचआर, कानूनी और वित्त विशेषज्ञों को नए श्रम कोड (लेबर कोड), कानूनी नियमों के पालन, श्रमिक कल्याण और केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जे. जैन ने की। उद्घाटन सत्र में श्रम कानूनों के सही तरीके से पालन और सभी हितधारकों के जागरूक होने के महत्त्व पर जोर दिया गया। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) यूपी जोन के अतिरिक्त केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त उदय बख्शी, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम शाहिद इकबाल और क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय प्रतीक सिंह व कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) और श्रम कल्याण महानिदेशालय (डीजीएलडब्लू) के प्रतिनिधि समेत केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
विकसित भारत रोजगार योजना पर विशेष सत्र
ईपीएफओ कानपुर के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय प्रतीक सिंह ने “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” पर एक विशेष सत्र लिया। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को इस योजना के मुख्य उद्देश्यों, पात्रता की शर्तों और इससे मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी, ताकि नए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा सके।




