लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने कुल 126 शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण करने के बजाय मौके पर जाकर उनका सत्यापन किया जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई और निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया जाए।
डीएम राहुल पाण्डेय ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हरदोई में जनसुनवाई: डीएम राहुल पाण्डेय ने सुनीं 126 शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

- Advertisement -



