लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेब वार्ता) जनपद में बाढ़ की स्थिति के बीच प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने मंगलवार को तहसील बिलग्राम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव, आवागमन, राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति देखी और अधिकारियों से प्रभावित लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ निगरानी कक्ष राजघाट का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाढ़ की वर्तमान स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों और प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता सामने आते ही तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए जाएं। बाढ़ के कारण परेशान लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने विशेष रूप से फसल, मकान और अन्य संपत्तियों को हुई क्षति का वास्तविक एवं पारदर्शी आकलन कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र प्रभावितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता और राहत सामग्री समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए, ताकि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार हरदोई के नागरिकों और किसानों के साथ पूरी मुस्तैदी से खड़ी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित किसी भी पात्र व्यक्ति को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी बिलग्राम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे प्रभारी मंत्री, राहत-बचाव कार्यों का लिया जायजा

- Advertisement -



