राज्यउत्तर प्रदेशविश्व मानक दिवस पर गुणवत्ता और स्वच्छ ऊर्जा...

विश्व मानक दिवस पर गुणवत्ता और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर, BIS ने उद्योग प्रतिनिधियों व मानक क्लबों को किया सम्मानित

लक्ष्मीकान्त पाठक

ग्रेटर नोएडा, 14 अक्टूबर 2026( वेबवार्ता)भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के नोएडा एवं गाजियाबाद शाखा कार्यालयों द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 का संयुक्त आयोजन होटल गौर्स सरोवर प्रीमियर, गौर सिटी, ग्रेटर नोएडा में किया गया। इस वर्ष की थीम “Shared Vision for a Better World” के तहत सतत विकास लक्ष्य-7 (SDG 7) अर्थात सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय उद्योगों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) में मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा गुणवत्ता आधारित उत्पादन को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौतम बुद्ध नगर के मुख्य विकास अधिकारी श्री भाल चंद्र त्रिपाठी ने अपने संबोधन में सतत विकास एवं जनकल्याण में गुणवत्ता और मानकीकरण की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों और नागरिकों से गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा ऊर्जा संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।BIS की उप महानिदेशक श्रीमती स्नेहलता ने राष्ट्रीय गुणवत्ता अवसंरचना को सुदृढ़ करने और भारतीय मानकों को व्यापक स्तर पर अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानकीकरण उत्पादों की सुरक्षा, विश्वसनीयता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में भी सहायक है।गाजियाबाद शाखा कार्यालय की प्रमुख श्रीमती जी. भवानी ने उद्योगों एवं उपभोक्ताओं के बीच गुणवत्ता संस्कृति विकसित करने पर जोर देते हुए MSMEs को भारतीय मानकों के अनुरूप उत्पादन प्रक्रियाएं अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मानकों का अनुपालन उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ाने और उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत करने में महत्वपूर्ण है।
नोएडा शाखा कार्यालय के प्रमुख श्री कौशिक दत्ता ने विशेष रूप से MSMEs के बीच मानकीकरण के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई। उन्होंने ऊर्जा दक्षता, सुरक्षित ऊर्जा प्रणालियों और स्वच्छ ऊर्जा समाधानों को बढ़ावा देने में भारतीय मानकों की भूमिका रेखांकित की तथा उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों, मानक क्लबों और सामाजिक संगठनों से गुणवत्ता जागरूकता अभियान में भागीदारी का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए जागरूकता कार्यक्रम
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विभिन्न विद्यालयों के BIS मानक क्लबों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विषय-आधारित नाटकों के माध्यम से गुणवत्ता, मानकीकरण, उपभोक्ता जागरूकता और ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उद्योग प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों ने गुणवत्ता आश्वासन, औद्योगिक मानकों और ऊर्जा दक्षता से संबंधित तकनीकी जानकारी साझा की। चर्चा में मानकों के अनुपालन से उत्पादों की विश्वसनीयता बढ़ाने, उपभोक्ता हितों की रक्षा करने और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा को मजबूत बनाने पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान गुणवत्ता जागरूकता एवं मानकीकरण के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले उद्योग प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों, BIS मानक क्लबों और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
BIS CARE App के प्रति किया जागरूक
प्रतिभागियों को BIS CARE App की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें ऐप के माध्यम से ISI मार्क एवं अन्य लागू BIS प्रमाणन चिह्नों की प्रामाणिकता जांचने और उपभोक्ता शिकायतों से संबंधित उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का समापन गुणवत्ता संस्कृति, उपभोक्ता संरक्षण और सतत विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने तथा सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य की प्राप्ति में मानकीकरण के महत्व को रेखांकित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -