विदिशा, 23 मई (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बीना रोड पर लायरा और मलियाखेड़ा गांव के बीच मूंग की फसल काटने जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक स्थानीय किसान और एक बुजुर्ग मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत करीब 20 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार उमरिया से आए प्रवासी मजदूरों का दल ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खेतों की ओर जा रहा था। मजदूरों के साथ उनके छोटे बच्चे भी मौजूद थे। बताया गया कि ट्रॉली में करीब 22 लोग सवार थे। लायरा और मलियाखेड़ा गांव के बीच अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सहित वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान कई मजदूर एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही कुरवाई थाना प्रभारी आर. के. मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला गया और तत्काल कुरवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने 55 वर्षीय स्थानीय किसान ऋषभ साहू उर्फ ऋषि और 65 वर्षीय उमरिया निवासी दरबारी कौल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार हादसे में दिव्या कोल और रजनी कोल गंभीर रूप से घायल हुई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। अन्य घायल कुरवाई स्वास्थ्य केंद्र में उपचाराधीन हैं। घायलों में कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी आर. के. मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली में अधिक सवारी और तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे के बाद कई घंटों तक पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सतर्क रहा। प्रशासन ने घायलों और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में फसल कटाई के मौसम में मजदूर परिवार सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली से खेतों तक पहुंचते हैं, जहां अक्सर सुरक्षा मानकों की अनदेखी बड़े हादसों की वजह बन जाती है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।




