भाजपा नेता देवेंद्र ठाकुर की संदिग्ध सड़क हादसे में मौत, हत्या की आशंका से सनसनी

- Advertisement -

दमोह, 13 मई (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर की संदिग्ध सड़क हादसे में मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मंगलवार शाम सागर नाका चौकी क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर अब हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के दावों और घटनास्थल की परिस्थितियों ने मामले को साधारण सड़क हादसे से कहीं अधिक गंभीर बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, बांसा निवासी देवेंद्र ठाकुर मंगलवार शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच बाइक से दमोह से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तीन गुल्ली और सागर नाका चौकी के बीच संजय निकुंज के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद सामने आए प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद चालक ने स्कॉर्पियो को दो से तीन बार आगे-पीछे किया। इन दावों के बाद घटना को सुनियोजित हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून फैला मिला और शव काफी दूर तक घिसटता हुआ दिखाई दिया।

हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि कुछ दूरी पर सागर रोड बाईपास स्थित निर्माणाधीन नए बस स्टैंड के पास स्कॉर्पियो लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन भोपाल पंजीयन का बताया जा रहा है।

भाजपा नेता की मौत की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मच गई। घटनास्थल पर पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और समर्थक पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। मंगलवार रात सागर से फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला, अंगुली चिन्ह और श्वान दस्ते की टीम भी दमोह पहुंची। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पहले से विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना महज सड़क हादसा थी या किसी साजिश का हिस्सा।

पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -