पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की घटना में मृत सभी 18 श्रमिक मध्यप्रदेश के

हरदा/देवास/भोपाल, (वेब वार्ता)। पड़ोसी राज्य गुजरात की बनासकांठा पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को विस्फोट और आग लगने की घटना के कारण मारे गए सभी 18 श्रमिक मध्यप्रदेश के हरदा और देवास जिले के निवासी हैं। इनके पार्थिवशरीर गुजरात से मध्यप्रदेश लाए जा रहे हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आठ श्रमिक हरदा जिले के और दस श्रमिक देवास जिले के निवासी हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कल रात ही राज्य के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान और अधिकारियों कर्मचारियों के दल को गुजरात रवाना किया। अब सभी मृत श्रमिकों को राज्य के देवास और हरदा जिले में लाया जा रहा है।

हरदा जिले के हंडिया क्षेत्र के आठ श्रमिकों की मौत हुयी है। तीन घायल हुए हैं। दो व्यक्ति दुर्घटना के बाद से लापता हैं। मृतकों में हंडिया निवासी श्रीमती गुड्डी बाई (30), विजय नायक (17), अजय नायक (16), कृष्णा नायक (12), विष्णु नायक (18), सुरेश नायक (25), बबीता नायक (30) और धनराज बैन (18) की मृत्यु हुयी है। संयुक्त कलेक्टर सतीश राय ने बताया कि इसके अलावा राजेश नायक (22), बिट्टू नायक (14) और विजय काजवे (23) के घायल होने की खबर है। इस दुर्घटना के बाद से दो व्यक्ति संजय नायक (12) तथा लक्ष्मी (50) लापता बताए गए हैं। इस संबंध में हरदा जिला प्रशासन गुजरात के बनासकांठा जिला प्रशासन के साथ संपर्क में है।

इसके अलावा दस श्रमिक देवास जिले के संदलपुर और खातेगांव क्षेत्र के निवासी हैं। इनकी पार्थिवदेह भी देवास जिला लायी जा रही है। राज्य सरकार भी इस घटना के सिलसिले में गुजरात सरकार के संपर्क में है। दरअसल ये श्रमिक पटाखा निर्माण कार्य में दक्ष थे और रोजगार के लिए गुजरात गए हुए थे। इसी बीच यह हादसा हो गया।

राज्य के मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के आश्रित को दो दो लाख रुपए और घायलों को पचास पचास हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने दिवंगत श्रमिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles