कोच्चि, 16 नवंबर (वेब वार्ता)। जैकोबाइट सीरियन चर्च के प्रमुख और एंटिओक के ‘पैट्रिआर्क’ एवं ‘यूनिवर्सल सीरियन ऑर्थोडॉक्स चर्च’ के सर्वोच्च धर्मगुरू मोरान मोर इग्नाटियस अफ्रेम द्वितीय ने सोमवार को उम्मीद जताई कि जैकोबाइट सीरियन चर्च और मलनकारा ऑर्थोडॉक्स गुट के बीच लंबे समय से जारी विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल जाएगा।
इग्नाटियस अफ्रेम द्वितीय केरलम का पांच दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद दमिश्क रवाना हो गए।
इग्नाटियस अफ्रेम द्वितीय 1876 में केरलम में एंटिओक के पैट्रिआर्क की पहली यात्रा और मुलंथुरुथी धर्मसभा के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए केरलम आए थे।
मलनकारा ऑर्थोडॉक्स गुट और जैकोबाइट सीरियन चर्च के बीच विवाद केरलम के कई गिरजाघरों के स्वामित्व और प्रशासन से जुड़ा है। इस मामले में लंबे समय से कानूनी लड़ाई जारी है।
रवाना होने से पहले अफ्रेम द्वितीय ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि समाधान खोजने के लिए दोनों गुटों के बीच बातचीत जरूरी है।
उन्होंने कहा, ‘‘समाधान तक पहुंचने के लिए हमें बातचीत करनी होगी और साथ बैठकर चर्चा करनी होगी। दूसरे पक्ष का हम खुले दिल से स्वागत करते हैं और उनके लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं। इस विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकलेगा।’’
एंटिओक के पैट्रिआर्क ने अपने दौरे के दौरान मलनकारा ऑर्थोडॉक्स गुट की आपत्तियों के बावजूद कोट्टायम के मनारकाड स्थित सेंट मैरी कैथेड्रल का दौरा किया।
उन्होंने कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जैकोबाइट चर्च के नेताओं का आभार जताया। साथ ही दौरे में सहयोग के लिए केंद्र और राज्य सरकारों का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि वह भारत और केरलम की खुशहाली के लिए प्रार्थना करेंगे।




