आसनसोल, 16 नवंबर (वेब वार्ता)। पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने छठ पूजा के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और आसनसोल नगर निगम की पूरी टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार के सत्ता में आने के बाद से सभी त्योहारों का आयोजन बेहतर व्यवस्था और व्यापक तैयारियों के साथ किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने बीरभूम जिले में हुए पुलिस एनकाउंटर को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन किया।
छठ पूजा के आयोजन को लेकर खुशी जाहिर करते हुए पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि छठ पूजा हर साल मनाई जाती है, लेकिन नई सरकार के आने के बाद से त्योहारों के आयोजन में व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में छठ पूजा के साथ-साथ काली पूजा, दुर्गा पूजा, जगद्धात्री पूजा और कार्तिक पूजा का आयोजन भी शानदार तरीके से किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी को दिशा-निर्देश दिए, जिसके बाद पूरी टीम ने एकजुट होकर काम किया। इस सफलता का पूरा श्रेय आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर और उनकी टीम को जाता है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत कर त्योहारों के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की।
वहीं, बीरभूम जिले में हुए पुलिस एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस पर हमला करता है, गोली चलाता है या जवाबी फायरिंग करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें एनकाउंटर की पूरी परिस्थितियों की जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ 36 आपराधिक मामले दर्ज थे।
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि बलात्कार, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए। अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
एनकाउंटर को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तुलना किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह योगी आदित्यनाथ की ओर से कोई टिप्पणी नहीं कर सकतीं, क्योंकि इस विषय पर उनसे कभी बातचीत नहीं हुई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी जब अपराधी पुलिस से बचकर भागने या पुलिस पर हमला करने की कोशिश करते हैं, तो गोलीबारी और एनकाउंटर की घटनाएं होती हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री के हालिया बयान का हवाला देते हुए कहा कि यदि कोई पुलिस पर हमला करता है या पुलिसकर्मियों की हत्या करता है, तो उसके खिलाफ सख्त जवाबी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि अपराधियों को उनके कृत्यों की सजा भुगतनी होगी।




