विधायक अजय महावर के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। घोंडा विधानसभा से लगातार दूसरी बार निर्वाचित विधायक अजय महावर के सम्मान में एक भव्य समारोह दिल्ली विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में आयोजित किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन डॉ. प्रभांशु ओझा द्वारा किया गया, जिसमें शिक्षा, समाज सेवा और राजनीति से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में प्रोफेसर रजनी अब्बी, प्रोफेसर रामा, डॉ. मोहन, भारत भूषण, दिव्य केतु, रामराज तिवारी सहित विभिन्न कॉलेजों के प्रबंधकों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। सभी अतिथियों ने विधायक अजय महावर का पारंपरिक रूप से अभिनंदन करते हुए उन्हें भगवान श्रीराम की प्रतिमा, पुष्पमालाएं एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अजय महावर के धर्म, संस्कृति और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विधायक जी न केवल जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। श्री महावर ने सदैव सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने और समाज में सद्भाव बनाए रखने के लिए कार्य किया है। अजय महावर के नेतृत्व में घोंडा विधानसभा में विकास कार्यों की एक नई लहर देखी गई है। उनके प्रयासों से क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का सुधार हुआ है, जिससे नागरिकों के जीवनस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने विधायक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके जनहितकारी कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि घोंडा विधानसभा का निरंतर विकास और धार्मिक-सांस्कृतिक उत्थान उनकी दूरदृष्टि और निष्ठा का परिणाम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles