सार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे टी20 से पहले बीसीसीआई ने ऑकलैंड में टीम इंडिया के अभ्यास की तस्वीरें साझा कीं। इनमें ईशान किशन बल्लेबाजी करते दिखे, जिससे प्लेइंग-11 में उनकी वापसी के कयास लग रहे हैं। गौतम गंभीर वैभव सूर्यवंशी को बल्लेबाजी के गुर सिखाते नजर आए। भारत सीरीज में 3-0 से आगे है।
विस्तार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाएगा। यह मुकाबला 30 अक्तूबर को खेला जाएगा। मैच से पहले बीसीसीआई ने ऑकलैंड से प्रैक्टिस की तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में ईशान किशन भी बल्लेबाजी अभ्यास करते दिख रहे हैं। ऐसे में कयास लग रहे हैं कि उनकी अगले टी20 में प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है। वहीं, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा और शिवम दुबे भी बल्लेबाजी अभ्यास करते दिखे। भारतीय टीम सीरीज में पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है।
बीसीसीआई ने तस्वीरें साझा कीं
बीसीसीआई ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘ईडन पार्क, ऑकलैंड। चौथे टी20 से पहले मैच रेडी होते हुए खिलाड़ी।’ तस्वीरों में तिलक शॉट्स लगाते दिख रहे हैं। वहीं, कोच गौतम गंभीर वैभव सूर्यवंशी को बल्लेबाजी के गुर सिखाते दिखे। नेट्स के दौरान वैभव ईशान किशन के साथ मस्ती मजाक भी करते दिखे। वहीं, ईशान भी खुलकर शॉट्स खेलते दिखे।
तस्वीरों में तिलक और अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के साथ सुकून के कुछ पल बिताते दिखे। वहीं, शिवम दुबे बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी का अभ्यास करते दिखे। कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और मयंक यादव भी गेंदबाजी अभ्यास करते दिखे। वहीं, कोच गंभीर और मोर्ने मोर्कल टीम हडल में खिलाड़ियों से कुछ बोलते भी दिखे।
ऑकलैंड में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड
ऑकलैंड के ईडन पार्क पर भारतीय टीम ने कुल तीन मुकाबले खेले हैं और सभी में टीम इंडिया को जीत मिली है। भारतीय टीम ने इस मैदान पर अपना पहला मुकाबला साल 2019 में खेला था, जहां भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया था। इसके बाद 2020 में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के अपने दौरे पर ईडन पार्क में दो मैच खेले और दोनों में ही जीत दर्ज की थी। एक मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराया, तो दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने सात विकेट से जीत हासिल की थी।




