खेलआईपीएल 2026क्वालीफायर-1 से पहले आरसीबी को राहत, फिल सॉल्ट...

क्वालीफायर-1 से पहले आरसीबी को राहत, फिल सॉल्ट फिट; ओपनिंग पर फैसला बाकी

धर्मशाला, 27 मई (वेब वार्ता)। आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 मुकाबले से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु को बड़ी राहत मिली है। टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने पुष्टि की है कि सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट अब फिट हैं और अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ प्लेइंग इलेवन को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

फिल सॉल्ट आईपीएल के शुरुआती चरण में विराट कोहली के साथ आरसीबी की सलामी जोड़ी का अहम हिस्सा थे। चोट के कारण उन्हें बीच सत्र में इंग्लैंड लौटना पड़ा था, जिसके बाद टीम को ओपनिंग संयोजन में बदलाव करना पड़ा। इस दौरान जैकब बेथेल और फिर वेंकटेश अय्यर ने विराट कोहली के साथ पारी की शुरुआत की जिम्मेदारी संभाली।

अब जैकब बेथेल लीग से बाहर हो चुके हैं और फिल सॉल्ट की वापसी ने टीम प्रबंधन के सामने चयन को लेकर नया सवाल खड़ा कर दिया है। क्रिकेट प्रशंसकों के बीच यह चर्चा तेज है कि क्वालीफायर-1 में विराट कोहली के साथ ओपनिंग करने मैदान पर फिल सॉल्ट उतरेंगे या वेंकटेश अय्यर को मौका मिलेगा।

प्री-मैच संवाददाता सम्मेलन में जब इस विषय पर रजत पाटीदार से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सॉल्ट फिट हैं, डॉक्टरों की निगरानी में हैं और अभ्यास भी कर रहे हैं, लेकिन टीम ने अभी अंतिम एकादश तय नहीं की है। विकेट और परिस्थितियों को देखकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

क्वालीफायर मुकाबले से पहले पाटीदार ने आधुनिक टी-20 क्रिकेट में बढ़ते स्कोर को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि अब 220 से 250 रन जैसा बड़ा स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जा सकता। उन्होंने माना कि छोटे मैदान और ओस जैसी परिस्थितियों के कारण गेंदबाजों के लिए रन रोकना लगातार कठिन होता जा रहा है और छोटी सी गलती भी सीधे छक्के में बदल सकती है।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मुकाबलों में नौ जीत हासिल की और 18 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। बेहतर नेट रन दर के आधार पर टीम ने पहला स्थान हासिल किया और अब क्वालीफायर-1 जीतकर सीधे फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगी।

नियमों के अनुसार यदि बैंगलुरु गुजरात टाइटंस के खिलाफ यह मुकाबला जीत जाती है तो उसे सीधे फाइनल का टिकट मिल जाएगा। हालांकि हार की स्थिति में भी उसके पास एक और अवसर रहेगा और टीम क्वालीफायर-2 के जरिए फाइनल में जगह बनाने की कोशिश कर सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -