नई दिल्ली, 12 जून (वेब वार्ता)। त्रिलोकपुरी विधानसभा क्षेत्र के सेंट्रल पार्क, ब्लॉक-2 में आयोजित ‘विधायक आपके द्वार’ जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव विधायक रविकांत के समक्ष रखे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
जनसंवाद और जनसेवा के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम, दिल्ली पुलिस, जल बोर्ड, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड, दिल्ली विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग और बिजली वितरण कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नागरिकों ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, सड़क मरम्मत, बिजली आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
विधायक रविकांत ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा की और कई समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका कर्तव्य है।
जनसुनवाई के बाद अधिकारियों के साथ हुई अहम समीक्षा बैठक
जनसुनवाई कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद विधायक रविकांत ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी की। इस बैठक में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने अधिकारियों से दो-टूक शब्दों में कहा कि जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
रविकांत ने कहा कि जिन समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासी उनके पास पहुंचे हैं, उनका समाधान कराना अब उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल समस्याएं सुनने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन पर प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित करेंगे।
“जनता की सुविधा ही मेरा एकमात्र लक्ष्य”
विधायक रविकांत ने कहा कि त्रिलोकपुरी विधानसभा को एक बेहतर, विकसित और सुविधासंपन्न क्षेत्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई में दर्ज सभी शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी और उनकी नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
उन्होंने कहा, “आपका यह सेवक सिर्फ आपकी समस्याएं सुनेगा ही नहीं, बल्कि उन पर तुरंत कार्रवाई भी सुनिश्चित करेगा। त्रिलोकपुरी का विकास और क्षेत्रवासियों की सहूलियत ही मेरा एकमात्र लक्ष्य है।”
रविकांत ने स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने लोगों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और त्रिलोकपुरी विधानसभा को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाओं से परिपूर्ण बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम और समीक्षा बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच इस समन्वय को क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




