नई दिल्ली, 04 मई (वेब वार्ता)। उर्दू पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘सयबान उर्दू दैनिक’ (दिल्ली) के ग्रुप एडिटर जावेद रहमानी को प्रतिष्ठित ‘खिदमत-ए-उर्दू अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। एक गरिमामय समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षाविदों प्रो. मोहम्मद काज़िम, अनवर हुसैन और शऊर अहमद ने संयुक्त रूप से जावेद रहमानी को यह सम्मान प्रदान किया। समारोह में उर्दू भाषा और पत्रकारिता से जुड़े कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जावेद रहमानी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण के साथ उर्दू भाषा और पत्रकारिता की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय उन सभी लोगों को दिया जिन्होंने उनके सफर में उनका साथ दिया और उन पर विश्वास जताया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने जावेद रहमानी के पत्रकारिता कौशल, निष्पक्षता और उर्दू भाषा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान उर्दू पत्रकारिता को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं और नई पीढ़ी को भाषा एवं समाज सेवा के प्रति प्रेरित करते हैं।




