मनोरंजन‘बिग बॉस’ में पति विक्की जैन ने नहीं...

‘बिग बॉस’ में पति विक्की जैन ने नहीं दिया साथ, अंकिता लोखंडे बोलीं- ‘जिंदगी में कभी इतना नहीं रोई’

मुंबई, 19 नवंबर (वेब वार्ता)। अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने पति विक्की जैन के साथ अपने रिश्ते, पुरानी लड़ाइयों और ‘बिग बॉस’ के घर में बिताए मुश्किल पलों को लेकर खुलकर बात की है। अंकिता का कहना है कि पहले उनके और विक्की के बीच काफी झगड़े होते थे, लेकिन ‘बिग बॉस’ में साथ रहने के बाद दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने लगे हैं। अब उनके रिश्ते में पहले से ज्यादा समझदारी आ गई है और आपसी बहस भी काफी कम हो गई है।

अंकिता हाल ही में पति विक्की जैन के साथ नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में पहुंचीं। इस दौरान दोनों ने अपने रिश्ते के कई अनकहे पहलुओं पर बात की। अंकिता ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के दौरान के भावुक पलों को याद किया, वहीं विक्की ने भी शो में अपने अनुभव और चुनौतियों के बारे में बताया।

अंकिता ने अपने रिश्ते में आए बदलाव को लेकर कहा, ”पहले हमारी बहुत लड़ाइयां होती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं होता। पहले शायद एक-दूसरे को समझने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन ‘बिग बॉस’ के बाद हमारे बीच समझदारी बढ़ गई है।”

अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें कई सालों से ‘बिग बॉस’ का ऑफर मिल रहा था, लेकिन वह हर बार इसे ठुकरा देती थीं। उन्होंने कहा, ”मुझे हर साल ‘बिग बॉस’ वाले बुलाते थे, लेकिन मैं हमेशा मना कर देती थी। मैं और विक्की दोनों रियलिटी शो के बड़े फैन हैं। जब उन्होंने दोबारा संपर्क किया तो मैंने कहा कि मैं तभी आऊंगी, जब विक्की भी मेरे साथ आएंगे। मेकर्स इसके लिए तैयार हो गए। घर में जाने से पहले हमने तय किया था कि क्या करेंगे और कैसे खेलेंगे, लेकिन वहां पहुंचते ही मैं खुद गेम खेलने लगी।”

उन्होंने कहा, ”शो के दौरान मेरे लिए सबसे मुश्किल दौर वह था, जब मुझे लगा कि विक्की मेरा साथ नहीं दे रहे हैं। वह अपने गेम में व्यस्त थे और मैं घर के अंदर खुद को अकेली महसूस कर रही थी। मुझे बहुत रोना भी आया। मैंने अपनी पूरी जिंदगी में इतने आंसू नहीं बहाए, जितने उस घर में रोई हूं।”

अंकिता ने कहा, ”उस समय सिर्फ विक्की की गलती नहीं थी। दोनों की उम्मीदें अलग-अलग थीं। मैं अपने पति से प्यार, इमोशनल सपोर्ट और भरोसा चाहती थीं, जबकि विक्की का पूरा ध्यान गेम खेलने और अपनी जगह बनाने पर था। हम इन परिस्थितियों को अलग-अलग तरीके से देख रहे थे।”

वहीं, विक्की जैन ने भी शो के दौरान खुद पर बने दबाव के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ”अंकिता पहले से ही टीवी और मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उनकी अपनी पहचान और फैन फॉलोइंग थी, जबकि मेरे लिए यह एक नई शुरुआत थी। मुझे शो में अपनी अलग पहचान बनानी थी और दर्शकों के बीच खुद को साबित करना था।”

विक्की ने कहा, ”शो के दौरान मुझे ‘नेपो पति’ जैसे नामों से भी बुलाया गया। इस वजह से मेरे लिए अपनी अलग पहचान बनाना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया था। मैं नहीं चाहता था कि मेरी पहचान सिर्फ अंकिता के पति तक सीमित रहे, इसलिए मैं गेम में अपनी काबिलियत के दम पर जगह बनाना चाहता था।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -