हैदराबाद, मुंबई, 13 नवंबर (वेब वार्ता)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के जीवन और उनके उतार-चढ़ाव भरे राजनीतिक सफर को अब बड़े पर्दे पर दिखाने की तैयारी शुरू हो गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को संगारेड्डी में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए इस तेलुगु फीचर फिल्म की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह फिल्म सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ पर आधारित होगी। इस प्रोजेक्ट के शुरुआती काम की देखरेख के लिए 50 सदस्यों की एक कमेटी गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जबकि एक स्थानीय कांग्रेस नेता ने फिल्म के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये का आर्थिक सहयोग देने का वादा भी किया है।
प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी के निजी और सार्वजनिक जीवन के कई अनछुए पहलुओं को विस्तार से दर्शाया जाएगा। इसमें गांधी परिवार से उनके जुड़ाव से लेकर देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी की कमान संभालने तक की पूरी यात्रा दिखाई जाएगी। जग्गा रेड्डी के अनुसार, फिल्म में इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल व प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनकी भूमिका के साथ-साथ दोनों दिग्गज नेताओं की हत्या के बाद आए कठिन दौर को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा कि कैसे उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में बच्चों की परवरिश की और भारतीय राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बनाई।
इस बायोपिक का सबसे बड़ा आकर्षण सोनिया गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पद से दूर रहने के ऐतिहासिक फैसले का चित्रण होगा। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे यूपीए सरकार बनने के बाद कांग्रेस नेताओं के भारी दबाव के बावजूद उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया था और डॉ. मनमोहन सिंह का नाम आगे बढ़ाया था। इसके अलावा मनरेगा जैसी क्रांतिकारी योजनाओं को लागू करने में उनकी भूमिका को भी रेखांकित किया जाएगा। जग्गा रेड्डी ने कहा कि बजट जुटाने और निर्देशक के चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ की मौजूदगी में इस फिल्म की शूटिंग का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।




