राजेश पांडेय
नेहरू के सपनों का संसार अंतरिक्ष की ऊंचाइयों से होड़ करता था। उन्हें विरासत में गरीब और समस्याग्रस्त देश मिला था। विभाजन की विभीषिका ने देश के मानस पर गहरे जख्म किए थे। उन्होंने ऐसे समय में देश के घावों पर मरहम रखने के साथ उसकी तरक्की का योजनाबद्ध अभियान हाथ में लिया। भाखड़ा नंगल बांध की शुरुआत करते हुए नेहरू ने उसे आधुनिक भारत का तीर्थ कहा था।
इन दिनों नेहरू-गांधी परिवार सुर्खियों में है। सोनिया गांधी की किताब-‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ से जुड़ी हलचल ने लोगों का ध्यान परिवार की तरफ खींचा है। पेंगुइन के टालमटोल के बाद नए प्रकाशक ने किताब छापने का फैसला किया। उस वक्त बताया गया कि किताब की एक लाख प्रतियां प्रकाशित की जाएंगी। 16 नवंबर को नई दिल्ली में लॉन्चिंग पर प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन ने बताया कि एक सप्ताह में पुस्तक की दो लाख प्रतियां बिक चुकी हैं। पश्चिमी देशों में किसी पुस्तक की दस-बीस लाख प्रतियां बिकना बड़ी बात नहीं है। भारत में किताबें पढ़ने में लोगों की दिलचस्पी ज्यादा नहीं है। इसलिए यह संख्या हैरान करती है। किताब खरीदने वाले लोगों में बड़ी संख्या कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं की भी होगी। फिर भी, किसी शख्सियत के संस्मरण या आत्मकथ्य के प्रति लोगों की उत्सुकता पहले कभी इतनी ज्यादा नहीं देखी गई थी।
सोनिया की किताब पर उठी चर्चा के कई कारण हैं। पेंगुइन के टालमटोल के बाद मीडिया में अनुमान लगाए गए। अखबारों ने किताब के अंशों का प्रकाशन शुरू कर दिया। अभी हाल के वर्षों में किसी किताब के इतने ज्यादा अंश मीडिया में नहीं आए हैं। किताब पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की प्रतिक्रिया ने भी लोगों की उत्सुकता जगाई है। यों भी, बीते 12-13 वर्षों से नेहरू-गांधी परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के निशाने पर हमेशा रहता है। कांग्रेस के कार्यकर्ता जवाहर लाल नेहरू को जितना याद नहीं करते हैं, उससे ज्यादा तो भाजपा के नेता उनका नाम लेते हैं। मोदी ने संसद में कई बार नेहरू पर तीखे प्रहार किए हैं। उनके कथनों, आर्थिक नीतियों, विदेश नीति की कड़ी आलोचना की गई है।
नेहरू के खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया गया है। बयानों के अलावा मीम्स, ट्रोल्स के जरिये उनका उपहास उड़ाया जाता है। भारत की तमाम सामाजिक, आर्थिक समस्याओं के लिए उन्हें दोषी ठहराया जाता है। नेताओं के अलावा अर्थशास्त्रियों, विश्लेषकों और विद्वानों की फौज नेहरू की नीतियों की समीक्षा करती है। इतिहास के हर दौर में राजनेताओं और समाज को प्रभावित करने वाली हस्तियों, संगठनों के कामकाज, फैसलों का मूल्यांकन होता है। उनके सही, गलत निर्णयों और उपलब्धियों की वस्तुनिष्ठ समीक्षा होती है। ऐसा होना भी चाहिए। इससे भविष्य के लिए नई दिशा मिलती है। लेकिन, नेहरू,गांधी खानदान की आलोचना के मामले में बहुत बार ऐेसा नहीं हो रहा है।
आधुनिक भारत मेंं सत्ता पर लंबे समय तक रहने वाले परिवार के मामले में अलग मापदंड अपनाए गए हैं। अब निशाने पर सबसे अधिक राहुल गांधी हैं। उन्हें पप्पू, नामदार, शहजादे, अपरिपक्व सहित कई अन्य उपाधियों से विभूषित किया गया है। उन्हें देश विरोधी बताया जाता है। राहुल की विदेश यात्राओं से पहले उनके खिलाफ भाजपा के बयान आने लगते हैं। राहुल के कुछ बयान असहज करते हैं। लेकिन अब उनमें परिपक्वता नजर आती है। उनके साथ एक समृद्ध राजनीतिक परिवार की विरासत जुड़ी है। उन्हें अच्छा लॉन्च पैड मिला था। उन्होंने अपनी सक्रियता और चुनाव प्रक्रिया में धांधली जैसे मुद्दों को उठाकर एक मजबूत और असरदार विपक्षी नेता के रूप में अलग पहचान बना ली है।
सोनिया की किताब में लोगों की दिलचस्पी केवल सोनिया के कारण नहीं है। भारत के इतिहास में नेहरू, गांधी परिवार की अमिट छाप को भुलाना मुश्किल है। स्वाधीनता संग्राम और फिर आजादी के बाद देश की सार्वजनिक गतिविधियां इस परिवार के आसपास केंद्रित रही हैं। खानदान में दो व्यक्तित्व सबसे अहम हैं। एक हैं- जवाहर लाल नेहरू और दूसरी हैं-उनकी बेटी इंदिरा गांधी। भारत के वर्तमान स्वरूप में नेहरू की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक भारत की स्थिति पर गौर करते हुए नेहरू के योगदान को नहीं भूलना चाहिए।
नई पीढ़ी शिक्षा, साइंस, टेक्नालॉजी, रिसर्च, मेडिकल साइंस, आईटी, कृषि, औद्योगिक विकास सहित कई क्षेत्रों में भारत की तेज रफ्तार को महसूस करती है। उसके पीछे नेहरू की सोच, दृष्टि और कल्पना मौजूद है। आजादी के संग्राम में साढ़े नौ वर्ष तक जेल में रहे नेहरू ने विकास के सभी पहलुओं को ध्यान में रखा था। उनके दौर में सार्वजनिक क्षेत्र में 50 से अधिक बड़े संस्थानों की नींव रखी गई। इनमें कुछ प्रमुख हैं, जीवन बीमा निगम, तेल एवं प्राकृतिक गैस आयोग, इंडियन ऑयल, भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, हिंंदुस्तान मशीन टूल्स। शिक्षा, कला, संस्कृति की तरफ भी उनका झुकाव था। कई संस्थाएं उनके बहुआयामी व्यक्तित्व की तस्वीर पेश करती हैं। संगीत नाटक अकादमी, साहित्य अकादमी, ललित कला अकादमी, नेशनल म्यूजियम, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, फिल्म इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया जैसे संस्थानों ने उनकी पहल से आकार लिया।
नेहरू के सपनों का संसार अंतरिक्ष की ऊंचाइयों से होड़ करता था। उन्हें विरासत में गरीब और समस्याग्रस्त देश मिला था। विभाजन की विभीषिका ने देश के मानस पर गहरे जख्म किए थे। उन्होंने ऐसे समय में देश के घावों पर मरहम रखने के साथ उसकी तरक्की का योजनाबद्ध अभियान हाथ में लिया। भाखड़ा नंगल बांध की शुरुआत करते हुए नेहरू ने उसे आधुनिक भारत का तीर्थ कहा था। नेहरू ने भाखड़ा से साथ हीराकुंड, नागार्जुन सागर, दामोदर वैली, रिहंद बांध, तुंगभद्रा, कोसी और चंबल जैसी बांध योजनाओं को धरातल पर उतारा।
नेहरू की दृष्टि तरक्की के हर क्षितिज को स्पर्श करती है। अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र और एम्स के साथ उनकी प्राथमिकता में नेशनल बुक ट्रस्ट, यूजीसी और एनसीईआरटी भी थे। भारत ने आज आईटी, फार्मास्युटिकल्स और ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में खास पहचान बनाई है। इन सबके पीछे नेहरू के अनंत सपनों की दुनिया है। गूगल के सुंदर पिचई जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियों की दिग्गज हस्तियां भारत के आईआईएम, आईआईटी की देन हैं। कुछ साल पहले देश में स्मार्ट सिटी की बहुत चर्चा थी। नेहरू ने चंडीगढ़ के रूप में देश के सामने स्मार्ट सिटी की परिकल्पना पेश कर दी थी।
नेहरू के दौर में भारत गरीब था। फिर भी, अंतरराष्ट्रीय मंंचों पर उसकी आवाज बहुत प्रभावशाली थी। दो महाशक्तियों अमेरिका और सोवियत संघ की तनातनी के बीच नेहरू और बाद में इंदिरा गांधी ने भारत की गुटनिरपेक्ष छवि को बनाए रखा। 1962 के युद्ध में चीन से अपमानजनक पराजय के लिए नेहरू को दोषी ठहराया जाता है। कई विशेषज्ञ कहते हैं, चीन के प्रति उनका रवैया नरम था। दूसरी ओर नेहरू के समय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर रहे भोलानाथ मलिक इस धारणा को गलत बताते हैं। मलिक ने अपने संस्मरणों में दावा किया है कि नेहरू की पहल पर भारत ने चीन से लगी सीमा पर उन सभी क्षेत्रों में चौकियां बनवाई थीं जिन पर भारत दावा करता था। मलिक के अनुसार चीनी हमले के समय नेहरू ने तटस्थता के सिद्धांतों को भुलाकर अमेरिका से सैनिक मदद मांगी थी।
नेहरू की मौत के दो साल बाद प्रधानमंत्री बनीं इंदिरा गांधी ने भारत की सैनिक ताकत को बढ़ाने का अभियान चलाया। 1971 के बांग्लादेश युद्ध में पाकिस्तान की निर्णायक हार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का दबदबा बढ़ाया था। भारत ने 1974 में परमाणु परीक्षण के जरिये चीन सहित सभी बड़ी ताकतों को चौंका दिया था। इस पराक्रम के पीछे नेहरू द्वारा सभी क्षेत्रों में खड़ा किया गया मजबूत आधार है। भारतीय जनजीवन के सभी क्षेत्रों में नेहरू की सशक्त मौजूदगी रही है। इसलिए उन्हें भाजपा और संघ परिवार ने निशाना बनाने के लिए सबसे आदर्श और उपयुक्त पात्र माना है।
नेहरू, गांधी परिवार की विराट प्रतिमा को खंडित करने के अभियान की पृष्ठभूमि में सोनिया गांधी का अपनी किताब में परिवार का पक्ष पेश करना स्वाभाविक है। उन्होंने नेहरू के बाद की स्थितियों का ज़िक्र किया है। सोनिया ने किताब की लांचिंग के समय हार्पर कॉलिन्स की पब्लिशर पौलोमी चटर्जी से चर्चा करते हुए कहा, मैं अपने परिवार के संबंध में कही गई काल्पनिक कहानियों के संदर्भ में स्थिति स्पष्ट करना चाहती थी। मेरी सास, पति, बेटे, बेटी और मेरे बारे में बहुत कुछ गलत बताया गया है। उन्होंने कहा, मन को आहत करने वाली ऐसी बातें कही गई हैं जिनका सच से कोई नाता नहीं है। सोनिया के कथन में सच्चाई है। उनकी किताब भारत के आधुनिक राजनीतिक इतिहास का अहम दस्तावेज है। नेहरू, गांधी परिवार के आभामंडल ने उनकी किताब को विशिष्ट चमक दी है।
