-

*पुस्तके ज्ञानियो की समाधि है इन्हें बचाना हमारी सांस्कृतिक विरासत और बौद्धिक संपदा को बचाना है*

*कांतिलाल मांडोत*

मनुष्य के जीवन मे पुस्तको का महत्व केवल पढ़ने और जानकारी प्राप्त करने तक सीमित नही हैं।  पुस्तके मनुष्य के सोच को दिशा देती है,उसके व्यक्तित्व का निर्माण करती है और समाज को  ज्ञान,विवेक तथा संस्कारो से समृद्ध बनाती है।पुस्तकें केवल कागज के पन्नों का संग्रह नहीं होतीं, बल्कि उनमें किसी लेखक का जीवनभर का अनुभव, चिंतन, साधना और उसकी आत्मा समाहित रहती है। किसी पुस्तक को खोलना ऐसा है, जैसे हम किसी विद्वान, विचारक या महापुरुष के साथ बैठकर संवाद कर रहे हों। इसलिए कहा गया है कि पुस्तकें ज्ञानियों की समाधि हैं। समाधि में महापुरुषों का शरीर भले ही दिखाई न दे, लेकिन उनके विचार और जीवन-दर्शन पुस्तकों के माध्यम से सदियों तक जीवित रहते हैं।

दिल्ली की 135 वर्ष पुरानी सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी की 8.5 लाख पुस्तकों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के मामले में सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी ने पुस्तक संस्कृति के महत्त्व पर एक बार फिर देश का ध्यान आकर्षित किया है। न्यायालय ने 20 नवंबर तक पुस्तकों को हटाने पर रोक लगाते हुए केंद्र सरकार से पूछा कि इन पुस्तकों का क्या किया जाएगा। न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ ने कहा कि पुस्तकों की कुछ तो इज्जत कीजिए। यदि इनकी जरूरत नहीं है तो ऐसे देश को दे दीजिए जो इनकी कद्र करता हो।  न्यायलय की यह टिप्पणी केवल एक पुस्तकालय के संग्रह की चिंता नही,बल्कि ज्ञान, इतिहास और बौद्धिक विरासत के संरक्षण का संदेश है। इस संग्रह का इतिहास वर्ष 1702 तक जाता है। सेंट्रल विस्टा परियोजना के अंतर्गत शास्त्री भवन को गिराया जाना है, जहां यह पुस्तकालय संचालित है। सरकार नई जगह अधिक क्षेत्रफल उपलब्ध कराने की बात कह रही है, लेकिन प्रश्न केवल जगह का नहीं, बल्कि पुस्तकों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके सम्मान का है।

पुस्तकें किसी भी सभ्य समाज की असली पूंजी होती हैं। धन-संपत्ति समय के साथ समाप्त हो सकती है, भवन पुराने होकर टूट सकते हैं और सत्ता परिवर्तन के साथ व्यवस्थाएं बदल सकती हैं, लेकिन पुस्तकों में सुरक्षित विचार पीढ़ियों तक समाज का मार्गदर्शन करते रहते हैं। रामायण, महाभारत, श्रीमद्भगवद्गीता, धम्मपद, जैन आगम और अनेक धार्मिक तथा दार्शनिक ग्रंथ इसका उदाहरण हैं। इन ग्रंथों ने समय के अनेक उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन उनका महत्त्व कम नहीं हुआ। भगवान महावीर, भगवान बुद्ध, भगवान राम, भगवान कृष्ण और अनेक महापुरुषों के विचार आज भी पुस्तकों के माध्यम से हमारे जीवन को दिशा दे रहे हैं। यही पुस्तकों का वास्तविक अमरत्व है।

एक विचारक ने कहा है कि पुस्तकें ज्ञानियों की समाधि हैं। किसी पुस्तक में ऋषभदेव, अरिष्टनेमि और भगवान महावीर के विचार मिलते हैं तो किसी में राम, कृष्ण और बुद्ध का जीवन-दर्शन मिलता है। तुलसीदास, कबीर, सूरदास और अनेक संतों की वाणी आज भी पुस्तकें खोलते ही हमारे सामने जीवंत हो उठती है।  कार्लाइल का विचार था कि मनुष्य ने जो कुछ किया,सोचा और पाया है,वह पुस्तको के पृष्ठों में सुरक्षित है।

वास्तव में पुस्तकें बीते हुए समय और वर्तमान पीढ़ी के बीच ऐसा सेतु हैं, जिसे तोड़ा नहीं जा सकता।

पुस्तकों की एक विशेषता यह भी है कि वे केवल अच्छी बातें ही नहीं सिखातीं, बल्कि गलत विचारों से सावधान रहने की समझ भी विकसित करती हैं। हर पुस्तक उपयोगी हो, यह आवश्यक नहीं है। अच्छी पुस्तक मनुष्य को सद्मार्ग दिखाती है, जबकि भ्रामक और नकारात्मक साहित्य उसे गलत दिशा में ले जा सकता है। इसलिए पुस्तक पढ़ने के साथ उसके विचारों को समझना और विवेक से स्वीकार करना भी जरूरी है। अच्छी पुस्तक सच्चे मित्र की तरह होती है। वह अकेलेपन में साथ देती है, कठिन समय में रास्ता दिखाती है और बिना किसी स्वार्थ के ज्ञान बांटती है।

पुस्तको का इतिहास भी मानव सभ्यता के विकास की कहानी है। प्राचीन समय मे ज्ञान को श्रवण और स्मरण के माध्यम से एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाया जाता था।

वेद श्रुति कहलाए और जैन अगम भी श्रुत परंपरा से आगे बढ़े। बाद में भोजपत्र, ताड़पत्र और अन्य माध्यमों पर ग्रंथ लिखे जाने लगे। पुस्तक तैयार करना कठिन साधना थी। एक प्रति लिखने में वर्षों लग जाते थे। जैन आचार्यों ने ज्ञान के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए। देवर्धिगणी क्षमाश्रमण ने ज्ञान के विस्मृत होने की आशंका को समझते हुए आगमों को लिखित रूप में सुरक्षित करने की आवश्यकता अनुभव की। यह प्रसंग बताता है कि ज्ञान को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना कितना बड़ा दायित्व है।

आज मुद्रण और तकनीक ने पुस्तकों को सहज उपलब्ध करा दिया है। इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों ने ज्ञान के नए द्वार खोले हैं, लेकिन इससे पुस्तकालयों की उपयोगिता समाप्त नहीं हुई है। पुस्तकालय वह स्थान है जहां अलग-अलग विषयों का ज्ञान एक साथ मिलता है। वहां विद्यार्थी, शोधकर्ता, लेखक और सामान्य पाठक अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करते हैं। ऐतिहासिक पुस्तकों और दुर्लभ पांडुलिपियों का महत्त्व तो और भी अधिक है, क्योंकि उनके नष्ट होने का अर्थ इतिहास के एक हिस्से का हमेशा के लिए खो जाना है।

ज्ञान की आराधना केवल पुस्तकों की पूजा करने से पूरी नहीं होती। अच्छी पुस्तकें पढ़ना, उन्हें सुरक्षित रखना, पुस्तकालयों को समृद्ध बनाना और नई पीढ़ी में अध्ययन की रुचि पैदा करना भी उतना ही आवश्यक है।  परिवारों में मोबाइल के साथ पुस्तके पढ़ने की आदत भी डालनी चाहिए। विधालयो और सामाजिक संस्थाओं को  पुस्तकालयो के विकास पर ध्यान देना चाहिए।

सरकारों की जिम्मेदारी है कि विकास परियोजनाओं के साथ ज्ञान और विरासत के सरंक्षण को भी सम्मान महत्व दे।

पुरानी इमारते हटाई जा सकती है,लेकिन उसमें सुरक्षित ऐतिहासिक संग्रह को लापरवाही से नही देखा जा सकता। सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी की पुस्तकों का स्थानांतरण पूरी सुरक्षा, उचित व्यवस्था और विशेषज्ञों की निगरानी में होना चाहिए।

उनका सूचीकरण ,सरंक्षण और पाठकों की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है।

अंततः पुस्तकें केवल पढ़ने की वस्तु नहीं, बल्कि मानव सभ्यता की स्मृति और भविष्य की दिशा हैं। रोटी शरीर को जीवन देती है और अच्छी पुस्तक जीवन जीने की कला सिखाती है। पुस्तके बचेगी तो विचार बचेंगे,विचार बचेंगे तो संस्कार बचेंगे और संस्कार बचेंगे तो समाज की बौद्धिक सम्पन्नता बनी रहेगी।  सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी को इसी व्यापक दृष्टि से समझने की जरूरत है। पुस्तकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान का सम्मान है। जिस समाज में पुस्तकों की कद्र होती है, वहां विचारों की गरीबी नहीं होती। इसलिए  पुस्तको केवल अलमारियों में सजाकर रखना पर्याप्त नही है, उन्हें पढ़ना, समझना, संरक्षित करना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा सामूहिक दायित्व है।

LATEST POSTS

बचपन की सुरक्षा, समाज की सर्वोच्च जिम्मेदारी

- सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"बचपन जीवन का वह अनमोल समय है, जब बच्चे को स्नेह, सुरक्षा, शिक्षा और अच्छे संस्कारों की सबसे अधिक आवश्यकता होती...

प्रदूषण पर सुप्रीम की राज्य सरकारों पर लाल आंख

*सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार ने खोली प्रशासनिक लापरवाही की पोल पर्यावरण संरक्षण के लिए जवाबदेही और ठोस कार्रवाई जरूरी**कांतिलाल मांडोत*प्रदूषण आज देश के सामने...

विशेष संपादकीय | साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल अर्थव्यवस्था

डिजिटल धोखाधड़ी का बढ़ता जाल- डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’डिजिटल क्रांति ने भारत की अर्थव्यवस्था, बैंकिंग व्यवस्था और नागरिक जीवन को नई गति दी है। आज मोबाइल...